
बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने पीडीए पार्टी के सवाल पर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह से डिरेल हो चुकी है। उन्हें खुद नहीं पता कि क्या करना है और क्या नहीं। छोटे-छोटे बच्चों के मन में राजनीतिक बातें भरना एक अपराध है। बच्चे भगवान का रूप होते हैं। आने वाले समय में समाजवादी पार्टी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
उन्होंने आगे कहा कि अखिलेश यादव जी से पूछिए कि हमारी सरकार किस तरह जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही है। समाजवादी पार्टी को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। वर्ष 2017 से पहले इन लोगों ने प्रदेश को लूट का अड्डा बना दिया था। अपराधी सरेआम बंदूक लेकर सड़कों पर घूमते थे, और प्रदेश भ्रष्टाचार का केंद्र बना हुआ था। आज उत्तर प्रदेश डेवलपमेंट और इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में नंबर एक पर है। यह बात पूरा प्रदेश और देश जानता है।
डिप्टी सीएम ने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। 12 मंत्रियों की ड्यूटी लगाई गई है और पूरी मॉनिटरिंग की जा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में रिक्त पदों को जल्द भरा जाएगा। इसके लिए डीएम को निर्देश दे दिए गए हैं।
बृजेश पाठक ने महिला जिला अस्पताल का निरीक्षण भी किया, जहाँ उन्होंने मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इसके साथ ही उन्होंने भारत माता मंदिर का शिलान्यास किया और एक प्राइवेट अस्पताल का भी शुभारंभ किया।
ये भी पढ़ें: बस्ती : रिश में टूटा बिजली का तार, करंट से पशु की मौत गांव में हड़कंप
गाजीपुर : फर्जी हस्ताक्षर के आरोप में मुख्तार अंसारी का बेटा उमर अंसारी गिरफ्तार












