महराजगंज : समितियों के अधिकारियों के चलते यूरिया के लिए किसान परेशान

घुघली, महराजगंज। जनपद में आवश्यक अनुसार खाद उपलब्ध होने के बावजूद यूरिया उर्वरक के लिए किसान सुबह से शाम समितियों के चक्कर काट रहे हैं। एक बोरी यूरिया के लिए समितियों पर सचिवों द्वारा अपमानित किए जा रहे हैं। समितियों पर बराबर यूरिया उर्वरक आ तो रही है, लेकिन जा कहां रही है। यह जांच का विषय है।

समितियों के सचिव उर्वरक वितरण में पूरी तरह मनमानी पर उतर गए हैं। किसानों की शिकायत है कि ट्रकों से यूरिया बराबर समितियों पर उतर रही है, लेकिन समितियों के सचिव यूरिया का निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत लेकर मनमाने ढंग से वितरण कर रहे हैं। यही कारण है कि आज भी पर्याप्त उर्वरक आपूर्ति होने के बाद भी यूरिया को मनमाने एवं भेदभावपूर्ण तरीके से वितरित किए जाने की सर्वाधिक शिकायत साधन सहकारी समिति मटकोपा, भुवनी और चौमुखा समिति से मिली है। जहां आज भी यूरिया मिलने के आस में किसान हर रोज समितियों पर लाइन लगा रहे हैं और शाम होते बिना खाद लिए अपने घरों को बैरंग वापस चले जाते हैं। सबसे बुरी स्थिति का सामना महिला किसानों को करना पड़ रहा है।

महिलाएं सुबह समिति पर आ रही हैं और शाम को बिना यूरिया लिए अपने तकदीर को कोसते घर वापस चली जा रही हैं। किसानों का कहना है कि यूरिया वितरण में सबसे अधिक ज्यादती साधन सहकारी समिति मटकोपा के सचिव विनोद प्रजापति द्वारा किया जा रहा है।किसानों का कहना कि अगर यूरिया वितरण की निष्पक्ष जांच कराई जाय तो भ्रष्टाचार सामने आ जाएगा।किसानों को तो सिर्फ जिलाधिकारी पर ही भरोसा रह गया है कि वही दोषी सचिवों पर कार्रवाई कर वितरण व्यवस्था दुरुस्त कर सकते हैं। किसानों ने यूरिया उर्वरक न मिलने पर अपनी प्रतिक्रिया इस प्रकार दी है।

इस संबंध में एडीओ कोआपरेटिव कमलेश कुमार शाही का कहना है किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है। सभी को यूरिया उर्वरक उपलब्ध कराने का उनके स्तर से प्रयास किया जा रहा है। आरोपों के संबंध में साधन सहकारी समिति मटकोपा के सचिव विनोद प्रजापति से पक्ष जानने के लिए दो बार उनके फोन नंबर 9170967052 पर पूर्वान्ह 12.38 और पूर्वान्ह 1.38 बजे दो बार फोन किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

पटखौली, किसान तूफानी ने कहा, “हमारे मटकोपा समिति पर भ्रष्टाचार का बोलबाला है। यूरिया का बंदरबाट हो रहा है। दूसरे समिति के सचिव यूरिया दे नहीं रहे हैं। अब हम जाएं तो जाएं कहां। प्रशासन के लोग हो बताएं। कई बार प्रयास करने के बाद भी हमे एक बोरी यूरिया नहीं मिली।”

ग्राम पिपरिया करंजहा, किसान सुबास शर्मा ने कहा, “यूरिया उर्वरक को लेकर मैने बहुत कष्ट उठाया। उर्वरक के लिए मैं साधन सहकारी समिति मटकोपा पर पांच बार गया। हर बार सचिव खतौनी और आधार की फोटो प्रति जमा कराते थे, लेकिन देते एक बोरी भी नहीं। मैं सचिव के सामने बहुत गिड़गिड़ाया भी फिर भी उनका दिल नहीं पसीजा। थक हार कर यूरिया के लिए गोरखपुर के एक रिश्तेदार से संपर्क किया। उन्होंने हमे दो बोरी यूरिया परतावाल से दिलवाया। इस भागदौड़ में हमे 1000 रुपए व्यर्थ में खर्च करने पड़े।”

पिपरिया करंजहा, किसान जोखू गुप्ता ने कहा, “किसान इन दिनों यूरिया को लेकर जो दंश झेल रहा है, वह किसी से छिपी नहीं है।एक तो यूरिया उर्वरक किसानों को मिल नहीं रहा, दूसरे समिति के सचिव द्वारा गरीब और बेबस किसानों के साथ बदसलूकी भी की जा रही है। दो दिन लगातार लाइन में खड़े रहे। नंबर आया। फिर भी उन्हें बिना खाद दिए सचिव ने वापस लौटा दिया।”

निबिअहवा टोला, किसान रामचंद्र चौधरी ने कहा, “दो दिनों तक हम यूरिया के लिए मटकोपा समिति पर धूप में खड़े रहे। हम यूरिया के लिए सचिव से याचना करते रहे, लेकिन उन्होंने यूरिया दिया भी नहीं उल्टे आधार और खतौनी की कापी फेंकवा दिया। गरीब और बेबस किसानो के साथ इतना नाइंसाफी हो रही है।इसके बाद भी जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करने के बजाय चुप बैठे हैं।”

यह भी पढ़े : Bihar Politics : चुनाव आयोग ने तेजस्वी यादव को परिवार से अलग किया! पहली बार हुआ ऐसा…

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें