
गाजियाबाद : वेव सिटी थाना क्षेत्र की उस्मान कॉलोनी में शुक्रवार सुबह लगभग 5 बजे उस समय हड़कंप मच गया जब स्थानीय लोगों ने सूचना दी कि एक संदिग्ध युवक चोरी की नीयत से इलाके में घूम रहा है। सूचना मिलते ही क्षेत्र के लोग एकत्र हो गए और युवक को पकड़कर पेड़ से बांध दिया, फिर उसकी जमकर पिटाई कर दी। लोगों ने उसे कथित तौर पर तालिबानी स्टाइल में सजा देते हुए बुरी तरह पीटा। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से सकुशल बचाया। पुलिस ने उसकी पहचान बुलंदशहर जिले के पहासू निवासी पिंकी पुत्र डोरीलाल के रूप में की है।
चश्मदीदों के अनुसार हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं में इजाफा हुआ है, जिससे क्षेत्र में डर का माहौल बना हुआ है। कई लोग अब रात में स्वयं चौकसी कर रहे हैं। शुक्रवार तड़के उस्मान कॉलोनी में जब युवक संदिग्ध हालात में घूमता नजर आया, तो लोगों को शक हुआ कि वह चोरी की कोशिश में है। शोर मचाने पर भारी संख्या में लोग जुट गए और उसे पकड़कर पेड़ से बांध दिया।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को बचाया और थाने ले गई।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है और अपने घर से भाग गया था। जब परिजनों से संपर्क किया गया, तो उन्होंने इसकी पुष्टि की और बताया कि वे उसकी तलाश कर रहे थे। फिलहाल युवक सुरक्षित है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।