
Weather Update : देश के कई इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी है, जिससे आम जीवन प्रभावित हो रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने महाराष्ट्र के मुंबई, पालघर और ठाणे जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं, दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में भी हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की संभावना जताई गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला अभी भी जारी है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उमस का अनुभव हो रहा है।
विभिन्न राज्यों में इन दिनों भारी बारिश का प्रभाव देखा जा रहा है। बीते दिनों हुई जोरदार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। IMD के अनुसार, रविवार को भी कई क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के कई शहरों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी भारी बारिश की आशंका है। आइए जानते हैं, आपके राज्य का आज का मौसम कैसा रहेगा?
मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार के लिए महाराष्ट्र के मुंबई, पालघर और ठाणे जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। बता दें कि शनिवार को मुंबई के कई इलाकों में भारी बारिश देखी गई। IMD के अनुसार, सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक मुंबई शहर में औसतन 6.80 मिमी, पूर्वी उपनगर में 11.53 मिमी और पश्चिमी उपनगर में 7.42 मिमी वर्षा हुई।
दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। तड़के दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश भी देखने को मिली। IMD के अनुसार, शाम तक दिल्ली-एनसीआर में मौसम में बदलाव हो सकता है और फिर से झमाझम बारिश हो सकती है। शनिवार को दिल्ली में धूप खिली रही, जिसके कारण उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।
उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना
पूर्वी उत्तर प्रदेश में इस समय बारिश का दौर जारी है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में उमस का अनुभव हो रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि आज और आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। IMD के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 27 से 30 जुलाई तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 से 31 जुलाई के बीच हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है।
अन्य राज्यों का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, आज पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी है। पूर्वी मध्य प्रदेश में भी हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल के गंगा किनारे वाले क्षेत्र और बिहार में 30 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है। साथ ही, 27 और 28 जुलाई को पूर्वी राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में अत्यधिक वर्षा होने की संभावना है।
यह भी पढ़े : अमेरिका में टला बड़ा हादसा, विमान के लैंडिंग गियर में लगी आग, 179 यात्री थे सवार