
मुंबई। बॉम्बे हाई कोर्ट ने शुक्रवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की एक याचिका को खारिज कर दिया। याचिका में गाजा में कथित नरसंहार के खिलाफ आजाद मैदान में विरोध प्रदर्शन की अनुमति ना देने के लिए मुंबई पुलिस को चुनौती दी गई थी।
जस्टिस रवींद्र घुगे और जस्टिस गौतम अंखड की पीठ ने याचिका खारिज करते हुए कहा कि हजारों मील दूर के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय पार्टी को देश के अंदर की समस्याओं पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
पीठ ने कहा, आप भारत में पंजीकृत एक संगठन हैं। आप कचरा डंपिंग, प्रदूषण, सीवरेज, बाढ़ जैसे मुद्दों को उठा सकते हैं, लेकिन आप इन पर नहीं बल्कि देश से हजारों मील दूर हो रही किसी घटना पर विरोध कर रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, कोर्ट ने कहा, हमारे देश में पहले से ही बहुत सारी समस्याएँ हैं। हम ऐसा कुछ नहीं चाहते। मुझे दुःख के साथ कहना पड़ रहा है कि आप सभी अदूरदर्शी हैं। आप गाजा और फिलिस्तीन की समस्याओं पर ध्यान दे रहे हैं। अपने देश को देखिए। देशभक्त बनिए। यह देशभक्ति नहीं है।














