
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक महिला के साथ शारीरिक शोषण और मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। महिला ने थाने पहुंचकर इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। उसने पुलिस को बताया कि उसे शादी का भरोसा देकर आरोपी ने उसके साथ गलत काम किया है।
सीबीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने अपने ही जानकार व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि एक युवक ने उसे अपने सपनों का जीवन दिखाकर कई महीनों तक उसका शारीरिक शोषण किया। इतना ही नहीं, महिला के पति को शराब पिलाकर बेहोश कर आरोपी उसके साथ जबरन संबंध बनाता था। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो उसकी बेरहमी से पिटाई भी की गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पीड़िता लगभग 40 साल की है और घरों में कामकाज करती है। उसका पति मेहनत-मजदूरी करता है। महिला का आरोप है कि लगभग एक साल पहले पालू नाम के युवक की उसके पति से जान-पहचान हुई थी। पालू एक कोल्ड ड्रिंक फैक्ट्री में गाड़ी चलाता है और अक्सर उनके घर आने लगा। धीरे-धीरे वह पति को शराब पिलाने लगा।
महिला का आरोप है कि जब उसका पति नशे में होता, तब पालू उसकी ओर गलत नजरें डालने लगा और कई बार छेड़छाड़ का प्रयास किया। धीरे-धीरे वह महिला से मीठी-मीठी बातें करने लगा और कहा कि वह उसे रानी बनाकर रखेगा, बच्चों की देखभाल करेगा और हर तरह का खर्च देगा। महिला का मानना है कि उस समय उसे भरोसा हो गया कि पालू उससे शादी करेगा और उसका सहारा बनेगा।
महिला का यह भी कहना है कि पालू ने कई बार उसके पति को ज्यादा शराब पिलाकर बेहोश किया। इसके बाद, वह जबरन उसके साथ संबंध बनाता था। शुरू में, महिला डर और शर्म के कारण चुप रही, लेकिन कई महीनों तक यह सिलसिला चलने के बाद उसने विरोध करना शुरू किया।
महिला ने यह भी बताया कि पालू उससे तरह-तरह का लालच देता रहा। वह कहता था कि वह हर महीने खर्च देगा, बच्चों की पढ़ाई कराएगा और साथ में जिंदगी बिताएगा। इसी भरोसे में महिला ने अपनी सोने की चेन और कान के कुंडल भी दे दिए।
लेकिन जब महिला ने अपने जेवर वापस मांगे और संबंध बनाए रखने से इनकार कर दिया, तो पालू का असली चेहरा सामने आ गया। गुस्से में आकर उसने महिला की जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसकी चोटें आईं। हिम्मत जुटाकर महिला ने तुरंत सीबीगंज महिला थाने पहुंचकर मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने महिला का मेडिकल परीक्षण कराया और आरोपी पालू को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर अभिषेक सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है, और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़े : आखिर क्यों विपक्ष के गले नहीं उतर रहा SIR? बढ़ते प्रदर्शन से चुनाव आयोग परेशान















