
हरिद्वार : गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के शिक्षकेत्तर कर्मचारी यूनियन का प्रशासनिक कार्यालय के समक्ष धरना सोमवार को 14वें दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने अपने संगठित स्वरूप और न्यायालय में विश्वास के साथ आंदोलन को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
धरने का नेतृत्व कर रहे यूनियन अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज ने कहा कि यदि सभी कर्मचारी एकजुट रहे, तो विश्वविद्यालय को आर्य समाज की एकमात्र केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि यह धरना धीरे-धीरे अपना विस्तार करेगा और सभी कर्मचारी इसकी ताकत बनते जाएंगे।
यूनियन के महामंत्री नरेंद्र मलिक ने कहा कि कर्मचारियों को न्यायपालिका पर पूर्ण विश्वास है। उन्होंने कहा कि “हम सभी को न्यायालय के निर्णय पर अटूट आस्था है और हमें भरोसा है कि इससे विश्वविद्यालय को एक नई दिशा मिलेगी।”
धरने को संबोधित करते हुए कर्मचारी प्रतिनिधि शशिकांत शर्मा ने कहा कि सभी कर्मचारी मिलजुल कर धरने को जीवंत बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि “धरना जिस मुकाम पर पहुंच रहा है, वह कर्मचारियों की एकता और अखंडता का प्रतीक है। छुट्टियों के बाद भी सभी कर्मचारी एक सूत्र में बंधकर आंदोलन को लगातार गति दे रहे हैं।”
इस अवसर पर दीपक वर्मा, प्रकाश चंद तिवारी, डॉ. धर्मेंद्र बालियान, डॉ. शत्रुघ्न झा, समीर पुंडीर, धनपाल, हेमंत सिंह नेगी, मोहन, अरविंद कुमार, चौधरी राजपाल धामा, वीरेंद्र सिंह, मनोज, प्रेम निवास गुप्ता और मनजीत सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े – हल्द्वानी : शेरनाले में पलटी श्रद्धालुओं की कार, पुलिस ने 10 लोगों को बचाया