गाजियाबाद में पहुंचे सीएम योगी, दूधेश्वरनाथ मंदिर में की पूजा, आज से सावन कांवड़ मेले की हुई शुरूआत

CM Yogi in Ghaziabad : आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरठ में कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा करेंगे। इससे पहले, सीएम योगी गाजियाबाद पहुंचे। यहां उन्होंने दूधेश्वर नाथ मंदिर में पूजा अर्चना के बाद मेरठ के लिए रवाना हुए।

गाजियाबाद के दूधेश्वर नाथ मंदिर में रविवार सुबह प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ पहुंचे। उन्होंने भगवान दूधेश्वर का जलाभिषेक किया। इस मौके पर मंदिर के महंत नारायण गिरी ने मंत्रोच्चार के बीच पूजा कराई। सीएम ने मंदिर में चल रहे दूधेश्वर नाथ कॉरिडोर के निर्माण का भी निरीक्षण किया।

इस दौरान सदर विधायक संजीव शर्मा, सांसद अतुल गर्ग सहित पार्टी के अन्य नेता और पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे। महंत नारायण गिरी ने मुख्यमंत्री का पटका पहनाकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री लगभग 25 मिनट तक मंदिर परिसर में रहे। इसके बाद वे सीधे पुलिस लाइन पहुंचे।

महंत नारायण गिरी ने बताया कि श्रवण कावड़ मेले 2025 का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया है। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री सुबह लगभग 10 बजे पहुंचे थे और भगवान दूधेश्वर का विधि-विधान से रुद्राभिषेक कर मेले की आध्यात्मिक शुरुआत की।

मंदिर में हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। हजारों श्रद्धालु, शिवभक्त, कावड़िए और संतो की भीड़ सुबह से ही मंदिर में जुटी थी। सीएम योगी ने भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि श्रवण मास शिव भक्ति और तप का महीना है। दूधेश्वर जैसे सिद्धपीठों का पुण्य प्रभाव ही है कि यहां आकर आत्मा को शांति मिलती है। उन्होंने भगवान दूधेश्वर से प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और जनता के कल्याण की कामना की।

सीएम योगी ने आगे कहा कि गाजियाबाद का यह मंदिर न केवल श्रद्धा का केंद्र है, बल्कि सनातन संस्कृति का जीवंत प्रतीक भी है। उन्होंने महंत नारायण गिरी महाराज को संरक्षण और आध्यात्मिक विकास के लिए धन्यवाद भी दिया।

श्री दूधेश्वर पीठ के महंत नारायण गिरी ने कहा कि श्रवण मास में भगवान शिव की पूजा से सभी पाप नष्ट होते हैं और जीवन में शुद्धता एवं सकारात्मकता का संचार होता है। उन्होंने कहा कि यहां आने वाले कावड़ियों और श्रद्धालुओं की सेवा ही हमारा धर्म है। हम सभी के सहयोग से इस वर्ष का श्रवण कावड़ मेले भव्य, सुरक्षित और शांतिपूर्ण संपन्न होगा।

सीएम योगी ने मंदिर परिसर में बनाए गए कावड़ सेवा शिविरों, स्वास्थ्य केंद्रों, शीतल जल वितरण केंद्रों और सुरक्षा इंतजाम का निरीक्षण भी किया। उन्होंने नगर निगम, पुलिस, चिकित्सा विभाग और दूधेश्वर सेवा समिति की कार्यप्रणाली की प्रशंसा की।

इस दौरान गाजियाबाद महानगर भाजपा अध्यक्ष मयंक गोयल, विधायक संजीव शर्मा, सांसद अतुल गर्ग, महापौर सुनीता दयाल समेत अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़े : दिल्ली : ज्वेलरी शॉप में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, सोना, चांदी व अन्य सामान बरामद

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें

DJ की आवाज से भड़का हाथी कांवड़ियों पर किया हमला वडोदरा की सड़कों पर टहला मगरमच्छ, लोगों में हड़कंप दो साल पहले 6 करोड़ का बना पुल हुआ जमींदोज जलभराव बना बच्चों की पढ़ाई में बाधा संगीता बिजलानी की बर्थडे पार्टी में पहुंचे अर्जुन