
अयोध्या : बंगाल में हो रहे महिला अपराधों पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद गीता शाक्य ने कहा कि बेटियों के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का ममत्व नहीं जागता है। वे केवल सत्ता प्राप्त करने के लिए राजनीति करती हैं। शनिवार को द रामायना होटल में आयोजित एक करोड़ सेल्फी विद लाभार्थी कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं के सम्मान समारोह में शिरकत करने के लिए वह अयोध्या पहुंची थीं।
उन्होंने कहा कि बंगाल में विरोधियों को टारगेट करके प्रताड़ित किया जा रहा है। परिजनों को बांधकर बेटियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। बलरामपुर में धर्मांतरण के प्रकरण पर कहा कि लड़कों ने हिंदू नाम रखकर सुनियोजित तरीके से हिंदू महिलाओं को टारगेट किया है। सरकार मामले में पूरी तरह सजग है और कठोर कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि लाभार्थियों से संपर्क व संवाद स्थापित करने के लिए चलाए गए अभियान के तहत महिलाओं ने गांव-गांव जाकर संपर्क किया, लाभार्थियों के साथ सेल्फी लीं तथा उनके अनुभव सुने। अभियान के दौरान अन्य योजनाओं की जानकारी भी लोगों से साझा की गई।
प्रदेश महामंत्री रश्मि रावल ने कहा कि अभियान ने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर आमजन से जोड़ने का अवसर दिया है। महिलाओं ने जिस समर्पण और ऊर्जा के साथ इस अभियान में सहभागिता की, वह सराहनीय है।
अभियान की संयोजक व प्रदेश मंत्री महिला मोर्चा डॉ. ममता पांडेय ने बताया कि संवाद व संपर्क के इस अभियान में उत्तर प्रदेश देश में प्रथम रहा। 5,000 से अधिक परिवारों से संपर्क कर सेल्फी लेने वाली प्रदेश की 18 महिलाओं को सम्मानित किया गया है। घर की जिम्मेदारियों को पूरा करते हुए महिलाओं ने अभियान के तहत अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों को भी निभाया।
इससे पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद गीता शाक्य और महामंत्री रश्मि रावल का स्वागत किया गया। कार्यक्रम के उपरांत सभी महिलाओं ने अयोध्या पहुंचकर प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद लिया।
मौके पर महानगर अध्यक्ष आशा गौड़, प्रतिमा शुक्ला सहित महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
ये भी पढ़ें:
क्या जेल में रची गई थी चंदन मिश्रा की हत्या की साजिश, STF के सामने शेरू सिंह ने खोले राज
https://bhaskardigital.com/was-there-a-conspiracy-to-murder-chandan-mishra-in-jail-sheru-singh-revealed-the-secret-in-front-of-stf/
सत्र शुरू होने से पहले ही बिखरा विपक्ष, क्या बीजेपी को मिलेगा सीधा फायदा?
https://bhaskardigital.com/opposition-scattered-even-before-the-session-started-will-bjp-get-direct-benefit/