
शिकारपुर, महराजगंज। शिकारपुर में रात के अंधेरे में एक शख्स ने नगर पालिका के डंपिंग ग्राउंड का बदबूदार कचरा अपने निजी प्लाट में गिरवाने के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। शिकारपुर में स्थित नारायणी नहर के देवरिया शाखा की दाईं पटरी पर स्थित भिस्वा चौराहे के निकट रात के अंधेरे में कचरा गिराए जाने के बाद बदबू फैलने लगा। इसके बाद आसपास के दुकानदारों ने विरोध शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही शिकारपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। कचरा गिरा रहे ट्रालियों को रोककर वापस कर दिया। स्थानीय दुकानदार सोनू ने बताया कि यह कचरा महराजगंज नगरपालिका के चिन्हित अगया डंपिंग ग्राउंड का था। इसे रात के अंधेरे में यहां गिरवाया जा रहा था।कचरे से निकलने वाली बदबू असहनीय है और बरसात में संक्रमण फैलने का खतरा है।
दुकानदारों का आरोप है कि इसमें जिम्मेदारों की मिलीभगत है। शिकारपुर चौकी इंचार्ज अवधेश कुमार सिंह ने दैनिक भास्कर को बताया कि उक्त स्थल पर बिना किसी वैध अनुमति के कचरे से लदी ट्रालियों द्वारा कचरा गिराने का प्रयास किया जा रहा था।
इसे मौके पर पहुंच कर रुकवा दिया गया है। भिस्वा चौराहे से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग 730 पर ग्राम सभा अगया के पास नगर पालिका द्वारा अधिकृत डंपिंग ग्राउंड बनाया गया है, जहां शहर के कचरे का निपटान किया जाता है। लोगों का कहना है कि अब उस कचरे को निजी लाभ के लिए इधर-उधर गिराने की कोशिशों ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।