
झांसी। रानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज झांसी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। लखनऊ निवासी MBBS छात्र सार्थक खन्ना (22) की हॉस्टल की दूसरी मंजिल से गिरकर संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। छात्र सार्थक खन्ना कॉलेज के सरदार वल्लभभाई पटेल हॉस्टल के रूम नंबर 60 की बालकनी से नीचे गिरा। साथी छात्रों ने उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मंगलवार रात लखनऊ से लौटा था छात्र
जानकारी के अनुसार, सार्थक खन्ना लखनऊ के निरालानगर का रहने वाला था। उसके पिता डॉ. रवि खन्ना भी डॉक्टर हैं, जबकि मां निधि खन्ना स्कूल चलाती हैं। वह परिवार का इकलौता बेटा था। सार्थक MBBS 2022 बैच का छात्र था। मंगलवार रात वह लखनऊ से झांसी इंटरसिटी ट्रेन से लौटा था। उसके अपने कमरे में लाइट और पंखा न चलने के कारण वह अपने दोस्त युवराज के रूम नंबर 60 में सोने चला गया।
सुबह बालकनी से गिरा, मौके पर खून ही खून
छात्रों ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे तक सब कुछ सामान्य था। लेकिन 7.45 बजे देखा गया कि सार्थक बालकनी से नीचे गिरा पड़ा था। वहां खून ही खून बिखरा हुआ था। साथी छात्र उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रिंसिपल ने किया मौका मुआयना, पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. मयंक सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रों से पूरी घटना की जानकारी ली। डॉ. सिंह ने बताया कि यह बहुत ही दुखद घटना है। छात्र काफी होनहार था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
एक बार में क्लियर किया था नीट
सार्थक खन्ना पढ़ाई में बेहद तेज़ था। दोस्तों ने बताया कि उसने पहली ही बार में नीट की परीक्षा पास कर MBBS में दाखिला लिया था। परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है। सार्थक की मां और बहन झांसी के लिए रवाना हो चुके हैं।
छात्रों में शोक, कॉलेज परिसर में सन्नाटा
घटना के बाद से हॉस्टल और मेडिकल कॉलेज परिसर में शोक का माहौल है। साथी छात्र उसकी मौत से सदमे में हैं। कॉलेज प्रशासन ने मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई और वजह। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस परिजनों के आने का इंतजार कर रही है।