
लखनऊ। मदेय गंज थाना में शुक्रवार की देर रात को एक युवक की हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। मृतक की पहचान करते हुए शव को पोस्टमार्टम भिजवाया है।
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार देर रात मुंबई में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने वाले साबिर अली की चापड़ से वार करके हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप रायबरेली निवासी मुन्ना और उसके साथियों पर है। साबिर मूल रूप से रायबरेली में नयापुरवा, निरालानगर का रहने वाला था। इस पर मुन्ना के बेटे पप्पू की हत्या का आरोप था। पुलिस ने मुन्ना व अन्य अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज किया है।
डीसीपी सेंट्रल आशीष श्रीवास्तव ने शनिवार को घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि मदेयगंज थाना क्षेत्र के खदरा में रात ढाई बजे एक युवक की हत्या की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान शुरू कर दी। तलाशी के दौरान शव के पास से एक मोबाइल मिला। उस मोबाइल से कॉल करने पर रायबरेली निवासी वसीम ने मृतक की पहचान अपने भाई साबिर के रूप में की।
वसीम ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2017 में साबिर, मुन्ना के बेटे पप्पू की हत्या में जेल गया था। साबिर जमानत पर छूटा था। उसका आरोप है कि मुन्ना ने साबिर को खदरा बुलाया और साथियों संग मिलकर उसकी हत्या कर दी।
थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि पुलिस को मौके से चापड़ और चाकू मिला है। घटना की जानकारी रायबरेली में रहने वाले मृतक के परिवार को दे दी गई है। सूचना पर भाई वसीम और रायबरेली पुलिस आ रही है। हत्यारोपियों की तलाश की जा रही है।