
Delhi rain : उत्तर भारत के कई राज्यों में जोरदार बारिश का दौर जारी है। खासतौर पर यूपी, बिहार जैसे राज्यों में मानसून ने दस्तक दे दी है, जबकि दिल्ली में बारिश का इंतजार अभी भी बना हुआ है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि आज दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा, रविवार को गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।
वहीं, केरल के तीन जिलों—इडुक्की, मलप्पुरम और वायनाड—के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे बाढ़ की स्थिति बन गई है। राज्य के अन्य सात जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश और तेज हवाओं की वजह से कई स्थानों पर होर्डिंग गिर गए, पेड़ उखड़ गए और आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।
नदियों के जलस्तर में वृद्धि के कारण एर्नाकुलम, त्रिशूर और इडुक्की जैसे जिलों में बाढ़ की स्थिति आ गई है, जिससे सैकड़ों लोग विस्थापित होकर राहत शिविरों में पहुंचाए गए हैं। खासतौर पर चूरलमाला नदी उफान पर है और बारिश के चलते नदी का जल स्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।