
- गायत्री देवी और मोहन घायल, ग्रामीणों में आक्रोश, सड़क सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
Lakhimpur: थाना मैगलगंज क्षेत्र के औरंगाबाद गांव में शुक्रवार सुबह उस समय हाहाकार मच गया, जब मॉर्निंग वॉक पर निकलीं लखनऊ निवासी महिला डॉक्टर की तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आकर मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में साथ चल रही दो अन्य लोग भी घायल हो गए हैं। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई है।
हादसा सुबह करीब 6 बजे मैगलगंज-औरंगाबाद मार्ग पर स्थित जिन्द बाबा स्थान के पास हुआ। लखनऊ के विकास नगर निवासी वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अतुलेश कुमार की पत्नी डॉ. सुमन, जो इन दिनों औरंगाबाद स्थित अपने मायके में रह रही थीं, रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तभी पीछे से आए एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डॉ. सुमन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सेवा-भाव की प्रतिमूर्ति थीं डॉ. सुमन
डॉ. सुमन एक जानी-मानी और सेवाभावी चिकित्सक थीं। उनके पिता डॉ. रामचंद्र भी क्षेत्र के जाने-माने चिकित्सक रहे हैं। पिता की मृत्यु के बाद डॉ. सुमन ने उनके पदचिह्नों पर चलते हुए ग्रामीणों, विशेष रूप से गरीबों व जरूरतमंदों की निःस्वार्थ सेवा जारी रखी। उनके सहज, विनम्र और सेवा भाव से ओत-प्रोत व्यवहार ने उन्हें क्षेत्र में बेहद लोकप्रिय बना दिया था।
गंभीर रूप से घायल हैं दो अन्य लोग
हादसे में डॉ. सुमन के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकलीं गायत्री देवी पत्नी राम गुलाम को भी गंभीर चोटें आई हैं। उनके सिर में गहरी चोट है और हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं मोहन पुत्र श्रीकृष्ण को भी चोटें आई हैं। दोनों घायलों का इलाज मैगलगंज के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
प्रशासन की निष्क्रियता पर उठे सवाल, सीसीटीवी खंगालने की मांग
हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है। वहीं ग्रामीणों का आक्रोश भी खुलकर सामने आया है। लोगों ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस मार्ग पर आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन न तो गति नियंत्रण के लिए कोई उपाय किया गया, न ही कोई पुलिसिंग व्यवस्था दिखती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मार्ग पर सुरक्षा उपायों को तत्काल प्रभाव से बढ़ाया जाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर अज्ञात वाहन की पहचान कर दोषी चालक को गिरफ्तार किया जाए। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि यदि प्रशासन ने अब भी लापरवाही दिखाई, तो वे आंदोलन को मजबूर होंगे।
शोक में डूबा पूरा क्षेत्र, श्रद्धांजलि देने उमड़े लोग
हादसे की सूचना मिलते ही औरंगाबाद समेत आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग डॉ. सुमन को श्रद्धांजलि देने उनके निवास स्थान पर पहुंचे। हर किसी की आंखें नम थीं। ग्रामीणों ने उन्हें श्रद्धा व सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। क्षेत्र में उनके योगदान को याद करते हुए कई लोगों ने कहा — “सेवा करने वाले बहुत कम मिलते हैं, डॉ. सुमन उनकी मिसाल थीं।
ये भी पढ़ें:
देश की सुरक्षा से खिलवाड़…जानिए कैसे पाकिस्तानी महिला के इश्क में जवान बना गद्दार
https://bhaskardigital.com/playing-with-the-countrys-security-know-how-a-young-man-became-a-traitor-in-love-with-a-pakistani-woman/
भोपाल : रतलाम में आज रीजनल इंडस्ट्री, स्किल एंड इम्प्लॉयमेंट कॉन्क्लेव का आयोजन
https://bhaskardigital.com/bhopal-regional-industry-skill-and-employment-conclave-organized-in-ratlam-today/