झाँसी : संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, परिजनों ने लगाया लूटपाट कर हत्या करने का आरोप

झाँसी। जनपद के टहरौली थाना क्षेत्र के ग्राम कुम्हरिया में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 55 वर्षीय महिला का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। परिजनों ने लूटपाट के बाद महिला की हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और घटना की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कुम्हरिया निवासी सुशीला पत्नी अजय प्रताप सिंह (55 वर्ष) का शव सोमवार दोपहर घर के भीतर संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। बताया गया कि घटना के समय घर के सदस्य बाहर गए हुए थे। जब परिजन वापस लौटे तो सुशीला देवी का शव देख दंग रह गए। घर का सामान भी अस्त-व्यस्त हालत में मिला, जिससे परिजनों ने आशंका जताई कि अज्ञात बदमाशों ने लूटपाट के बाद उनकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही टहरौली थाना पुलिस मौके पर पहुँची। साथ ही एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है।

पुलिस ने मृतका के बेटे की तहरीर के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस टीम आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें