
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) को उस वक्त बड़ा झटका लगा जब पार्टी के सचिव संजय लाखे पाटिल ने रविवार को इस्तीफा दे दिया। पाटिल, जो पहले कांग्रेस में थे, लोकसभा चुनाव से पहले जालना सीट से टिकट की उम्मीद में शिवसेना (यूबीटी) में शामिल हुए थे।
उन्होंने पार्टी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें सांगली के बदले जालना सीट देने का वादा किया गया था, लेकिन संजय राउत के हस्तक्षेप के चलते उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया। जालना सीट से कांग्रेस के कल्याण काले ने जीत दर्ज की।
मुंबई में फिल्मी स्टाइल में 50 लाख की लूट, पांच गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति का अपहरण और 50 लाख रुपये की लूट के मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर पीड़ित को कार में जबरन बैठाया और नवी मुंबई के खारघर इलाके में ले जाकर उसका पैसा और फोन छीन लिया। गिरफ्तारी पुणे, सतारा और ठाणे से महज 6 घंटे में की गई। पुलिस ने आरोपियों से 39 लाख रुपये नकद, एक चाकू और वारदात में इस्तेमाल की गई सेडान कार जब्त की है। आरोपियों ने पीड़ित को मुठभेड़ में मारने की धमकी भी दी थी।
राजनीतिक और सामाजिक आंदोलनों से जुड़े मुकदमे होंगे वापस
महाराष्ट्र सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए घोषणा की है कि 31 मार्च 2025 तक के सभी राजनीतिक, सामाजिक आंदोलनों और विरोध प्रदर्शनों से जुड़े मुकदमे वापस लिए जाएंगे। यह प्रस्ताव गृह विभाग द्वारा पेश किया गया है और इससे हजारों सामाजिक कार्यकर्ताओं और राजनैतिक कार्यकर्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
ठाणे में 93 लाख की धोखाधड़ी, ज्वैलर पर केस दर्ज
ठाणे जिले के शाहपुर में एक ज्वैलर पर 93.5 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि उसने बीते 3 वर्षों में एक गोल्ड सप्लायर से 950 ग्राम सोने के आभूषण खरीदे, लेकिन बार-बार मांगने पर भी भुगतान नहीं किया।
पुलिस ने खारडी स्थित दुकान के मालिक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़े – तेहरान टाइम्स का दावा : अमेरिकी हमले से फोर्डो परमाणु केंद्र को कोई नुकसान नहीं