
मीरजापुर। जिले में मानसून की पहली बारिश हुई। तीन दिन हुई तेज बारिश ने नगर वासियों को गर्मी से बड़ी राहत पहुंचाई वहीं मौसम का मिजाज भी बदल दिया है। रविवार काे एक घंटे की बारिश से जहां अधिकतम तापमान चार डिग्री गिरकर 34 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री की गिरावट के साथ 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
नगर सहित आसपास के इलाकों में तीन दिनों तक झमाझम बारिश हुई, जिससे गर्मी से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। खेतों में पानी भरने से किसानों के चेहरे खिल उठे। आज बारिश के बाद दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बनाए रखा। रविवार शाम तक फिर से बारिश की संभावनाएं है।
बीएचयू वाराणसी के भू-भौतिकी विभाग के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र के मौसम वैज्ञानिक शिवमंगल सिंह ने रविवार काे बताया कि आने वाले दिनों में बादल छाए रहेंगे। मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। उन्हाेंने किसानों को सलाह दी कि, वे खेतों में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखें और बुआई से पहले मौसम की स्थिति पर निगरानी बनाए रखें। बारिश ने जहां तापमान को नियंत्रित किया है, वहीं नमी बढ़ने से उमस भी बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिन तक मानसूनी गतिविधियों के तेज रहने की संभावना जताई है।
यह भी पढ़ें: Jaunpur: युवक ने आत्महत्या की नियत से कुएं में लगाई छलांग