
झाँसी। जनपद के थाना चिरगांव क्षेत्र में शनिवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक बदमाश पुलिस की गोली से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
सड़क किनारे छिपे थे दोनों बदमाश
दिनांक शनिवार की रात करीब 8:54 बजे थाना चिरगांव पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सुल्तानपुरा ओवरब्रिज से आगे झाँसी की ओर सर्विस रोड के किनारे दो वांछित बदमाश छिपे हुए हैं।
बदमाशों ने पुलिस पर की फारिंग
सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों को पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख दोनों बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग कर दी, जिसमें बदमाश सत्यम परिहार उर्फ कल्लू पुत्र अमर सिंह निवासी सुल्तानपुरा के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं उसका साथी दुष्यंत परिहार पुत्र मेहरबान मौके से फरार हो गया।
बदमाशों के कब्जे से 315 बोर तमंचा बरामद
घटनास्थल से पुलिस ने एक 315 बोर का तमंचा, एक जिन्दा कारतूस और तमंचे में फंसा हुआ एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
दोनों पर दर्ज हैं पुराना मामला
उल्लेखनीय है कि दिनांक 14 जून 2025 को अभियुक्त सत्यम परिहार और दुष्यंत परिहार के खिलाफ थाना चिरगांव क्षेत्र में 65 वर्षीय महिला और 17 साल के नाबालिग लड़के के साथ गलत हरकत करने के आरोप में धारा 333/64/352/351(3) बीएनएस व 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। तभी से दोनों अभियुक्त फरार चल रहे थे।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डा. अरविंद कुमार व क्षेत्राधिकारी मोंठ अजय श्रोत्रीय के नेतृत्व में अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। मुठभेड़ के बाद अब घायल सत्यम परिहार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि फरार दुष्यंत की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।