
प्रयागराज। संगम की पावन धरती पर शनिवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की भव्यता देखने को मिली। संगम नोज पर आयोजित कार्यक्रम में मंडलायुक्त के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने सामूहिक रूप से योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, कृषि विभाग के अधिकारी सहित प्रशासनिक अमले ने भाग लिया।इस मौके पर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की भी सक्रिय भागीदारी रही। तड़के सुबह से ही संगम किनारे योग करने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम समेत अन्य योगासनों का अभ्यास कर लोगों ने तन और मन को ऊर्जावान किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और नियमित योग को अपनाकर हम न केवल स्वस्थ शरीर बल्कि सकारात्मक जीवनशैली पा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।जिलाधिकारी ने भी सभी नागरिकों को योग के प्रति जागरूक रहने और इसे जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक संकल्प लिया गया कि योग को केवल एक दिन नहीं, बल्कि प्रतिदिन के अभ्यास के रूप में अपनाया जाएगा।