
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज अपना 55वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर देश की कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों ने उन्हें शुभकामनाएं भेजकर उनके दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक्स के माध्यम से राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें लंबा एवं स्वस्थ जीवन प्रदान करें।”
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने राहुल गांधी को “आदर्शों में सहोदर” बताते हुए अपनी शुभकामनाएं भेजीं। उन्होंने एक पोस्ट में कहा, “मेरे आदर्श भाई राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं- खून से नहीं, बल्कि विचार, दृष्टि और उद्देश्य से जुड़े हुए हैं आप दृढ़ रहें और साहस के साथ नेतृत्व करते रहें। उज्जवल भारत की ओर बढ़ते हमारे अभियान में विजय हमारी ही होगी।”
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने एक्स पोस्ट में कहा, “लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं उनकी खुशहाली और लंबी एवं स्वस्थ जिंदगी की कामना करता हूं।”
उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी का जन्म 19 जून 1970 को दिल्ली के होली फैमिली अस्पताल में हुआ था। वे पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और कांग्रेस की राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी की सबसे बड़ी संतान हैं।