
अगर आपका सपना सरकारी मेडिकल कॉलेज में MBBS की पढ़ाई करने का है, तो NEET 2025 में आपके स्कोर के आधार पर मिलने वाली सीट की संभावनाएं जानना बहुत जरूरी है। NEET का रिजल्ट 14 जून को जारी कर दिया गया है, और अब लाखों स्टूडेंट्स की नजर कटऑफ पर टिकी हुई है। हर कोई यह जानना चाहता है कि उसके नंबर पर सरकारी MBBS सीट मिल पाएगी या नहीं।
इस साल का NEET एग्जाम और रिजल्ट
NEET 2025 परीक्षा में इस बार करीब 22 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया, जिनमें से लगभग 12 लाख अभ्यर्थी पास हुए हैं। इतने बड़े स्तर पर कॉम्पटीशन को देखते हुए, यह समझना जरूरी हो जाता है कि आपका स्कोर और कैटेगरी सरकारी कॉलेज में एडमिशन के लिहाज से कहां खड़ा है।
क्या होता है NEET क्वालिफाइंग कटऑफ?
NEET क्वालिफाइंग कटऑफ वह न्यूनतम स्कोर होता है, जो आपको काउंसलिंग में शामिल होने के लिए चाहिए होता है।
- जनरल और EWS कैटेगरी के लिए: 50वां परसेंटाइल, स्कोर अनुमानतः 160 से 720 के बीच।
- OBC, SC और ST के लिए: 40वां परसेंटाइल, स्कोर संभवतः 125 से 159 अंक तक।
सरकारी कॉलेज में MBBS के लिए कितने नंबर जरूरी?
सरकारी मेडिकल कॉलेजों की सीमित सीटों के चलते कटऑफ हाई रहती है। कटेगरी और कोटा के अनुसार संभावित कटऑफ इस प्रकार है:
ऑल इंडिया कोटा (AIQ) के तहत संभावित कटऑफ:
- जनरल/EWS: 620 से 680+ अंक
- OBC: 590 से 610 अंक
- SC/ST: 520 से 550 अंक
राज्य कोटा के तहत संभावित कटऑफ:
- जनरल: 570 से 620 अंक
- OBC: 550 से 590 अंक
- SC/ST: 420 से 490 अंक
कौन-कौन से फैक्टर कटऑफ को प्रभावित करते हैं?
NEET की कटऑफ हर साल अलग हो सकती है क्योंकि यह कई बातों पर निर्भर करती है:
- परीक्षा का स्तर: पेपर अगर कठिन हुआ, तो कटऑफ नीचे जा सकती है।
- सीटों की संख्या: अगर MBBS/BDS सीटें बढ़ेंगी तो ज्यादा छात्रों को मौका मिलेगा।
- स्टूडेंट्स की परफॉर्मेंस: पूरे देश में छात्रों का औसत प्रदर्शन भी कटऑफ तय करने में अहम भूमिका निभाता है।
राज्यवार प्रदर्शन: कहां से सबसे ज्यादा सफल अभ्यर्थी?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार NEET में सबसे ज्यादा सफल छात्र उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान से रहे:
- उत्तर प्रदेश: 3.3 लाख छात्रों ने परीक्षा दी, 1.7 लाख ने पास किया।
- महाराष्ट्र: 2.4 लाख में से 1.2 लाख छात्र सफल हुए।
- राजस्थान का भी प्रदर्शन अच्छा रहा है।
अगर आपके स्कोर NEET 2025 में अच्छे हैं, तो अब यह जानना जरूरी है कि आपकी कैटेगरी और राज्य कोटा में किस रेंज में सीटें मिल रही हैं। जल्द ही राज्यवार काउंसलिंग शुरू होगी, इसलिए डॉक्यूमेंट्स तैयार रखें और ऑफिशियल कटऑफ और काउंसलिंग शेड्यूल पर नजर बनाए रखें।