
लखनऊ । हज यात्रियों को लेकर जेद्दा से लखनऊ पहुंचा विमान बड़े हादसे का शिकार होते होते बच गया। गनीमत रही कि विमान के पहियों से निकली चिंगारी और धुआं को देखते ही सभी चीजों को नियंत्रित कर लिया गया। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब सऊदिया एयरलाइंस की फ्लाइट एसवी 3112 में लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी आ गई। इस विमान में 250 हज यात्री और क्रू मेंबर्स सवार थे, जो जेद्दा से लखनऊ पहुंचा था। सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं, और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। सूत्रों के अनुसार, सुबह करीब 6:30 बजे सऊदिया एयरलाइंस की फ्लाइट एसवी 3112 ने लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। लैंडिंग के बाद टैक्सी वे पर जाते समय विमान के पहिए से अचानक चिंगारी और धुआं निकलने लगा। पायलट ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए विमान को रोक दिया, जिससे एक संभावित हादसा टल गया।
एयरपोर्ट की फायर टीम को तत्काल सूचना दी गई, और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद स्थिति पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि विमान के हाइड्रोलिक सिस्टम में रिसाव (लीकेज) के कारण यह खराबी आई थी। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि अगर यह खराबी टेकऑफ के दौरान हुई होती, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। पायलट की सूझबूझ और एयरपोर्ट की आपातकालीन टीम की त्वरित कार्रवाई ने एक बड़े हादसे को रोक दिया।
विमान में सवार सभी 250 हज यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया और उनकी सुविधा के लिए एयरपोर्ट पर वैकल्पिक व्यवस्था की गई। सऊदिया एयरलाइंस ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि फ्लाइट में तकनीकी खराबी की वजह से लैंडिंग के बाद यह स्थिति उत्पन्न हुई। एयरलाइंस ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। घटना के बाद विमान में सवार हज यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा। हालांकि, एयरपोर्ट प्रशासन ने तुरंत यात्रियों को शांत किया और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की।