
भारत समेत अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं में इस्तेमाल हो रहे बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान इन दिनों लगातार सुर्खियों में हैं। हाल ही में अहमदाबाद में हुए बड़े हादसे के बाद अब एक बार फिर इसी मॉडल के विमानों में तकनीकी समस्याओं के मामले सामने आए हैं। एयर इंडिया और ब्रिटिश एयरवेज के साथ-साथ लुफ्थांसा की फ्लाइट को भी वापस लौटना पड़ा।
एयर इंडिया की फ्लाइट AI315 को बीच उड़ान से लौटना पड़ा
हांगकांग से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI315 को उस समय वापस लौटना पड़ा जब उड़ान के दौरान उसमें तकनीकी गड़बड़ी की आशंका जताई गई। यह उड़ान भी बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर से संचालित की जा रही थी। पायलट को तकनीकी संकेत मिलते ही सुरक्षा मानकों के तहत विमान को वापस हांगकांग लैंड कराया गया।
गौरतलब है कि इसी प्रकार का विमान 12 जून को अहमदाबाद में हादसे का शिकार हुआ था, जिसमें 242 यात्रियों में से 241 की मौत हो गई थी। यह अब तक के सबसे भयावह विमान हादसों में एक बन गया।
ब्रिटिश एयरवेज की उड़ान ने हीथ्रो से उड़ान भरते ही वापसी की
रविवार को लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से चेन्नई के लिए रवाना हुई ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट BA35 को भी उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद तकनीकी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
- उड़ान भरने के बाद पायलट को फ्लैप सिस्टम में गड़बड़ी के संकेत मिले।
- विमान को डोवर की खाड़ी के ऊपर कुछ समय तक घुमाया गया।
- 30 मिनट तक 12,000 फीट की ऊंचाई पर होल्डिंग पैटर्न में रहा विमान।
- सुरक्षित लैंडिंग के लिए अतिरिक्त ईंधन हवा में ही छोड़ा गया।
- करीब 1 घंटे 45 मिनट बाद हीथ्रो एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
सभी यात्री और क्रू सुरक्षित उतारे गए।
लुफ्थांसा की फ्लाइट LH752 को बम की धमकी, फ्लाइट ने ली यू-टर्न
फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद आ रही लुफ्थांसा की फ्लाइट LH752 को रविवार शाम को अचानक यू-टर्न लेकर वापस फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट लौटना पड़ा। एयरलाइन के अनुसार उन्हें हैदराबाद में उतरने की अनुमति नहीं मिली थी।
बाद में सामने आया कि 15 जून की शाम 6:01 बजे हैदराबाद एयरपोर्ट को बम की धमकी वाला ईमेल मिला था।
- तुरंत सुरक्षा मूल्यांकन समिति का गठन किया गया।
- SOP के तहत सभी सुरक्षा प्रक्रियाएं अपनाई गईं।
- फ्लाइट को वापस लौटने की सलाह दी गई ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
क्या बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर की विश्वसनीयता पर सवाल?
लगातार सामने आ रहे हादसे और तकनीकी समस्याओं के बाद अब बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमानों की सुरक्षा और विश्वसनीयता पर सवाल उठने लगे हैं।
जहां एक तरफ कंपनियां इन विमानों को लॉन्ग डिस्टेंस उड़ानों के लिए प्राथमिकता देती हैं, वहीं लगातार तकनीकी खराबी और आपात स्थितियों से यात्रियों की चिंता भी बढ़ रही है।
भारत सरकार और DGCA ने अहमदाबाद हादसे के बाद से विमानों की जांच और निगरानी तेज कर दी है। ऐसे में यह देखना अहम होगा कि आने वाले समय में इन विमानों की सुरक्षा को लेकर क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।