
कानपुर। जेल भेजे गए तथाकथित अधिवक्ता धीरज उपाध्याय उर्फ़ दीनू के गैंग के खिलाफ एक बार फिर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सोमवार दोपहर एसीपी कर्नलगंज अमित चौरसिया ने सर्किल की फ़ोर्स के साथ दीनू उपाध्याय और उसके साथियों के घर पर रेड डाली। हालांकि घर पर कोई भी आरोपी नहीं मिला। पहले पुलिस धीरज उपाध्याय के नजदीकी नीरज दुबे के परमट स्थित घर पहुंची, यहां करीब एक घंटे तक छापेमारी चली, लेकिन पुलिस खाली हाथ लौट आई। इसके बाद पुलिस दीनू उपाध्याय के घर नवाबगंज पहुंची, यहां भी पुलिस को दीनू का भाई संजय उपाध्याय और भतीजे मनु और रेनू उपाध्याय नहीं मिले। दोनों जगह पुलिस ने घंटो जाँच पड़ताल की।
धीरज उपाध्याय उर्फ़ दीनू के जेल जाने के बाद पुलिस ने दीनू गैंग के ऊपर ताबड़तोड़ मुकदमे दर्ज किये हैं। दीनू के साथ उसके गैंग में शामिल नीरज दुबे, संजय उपाध्याय, मनु उपाध्याय, रेनू उपाध्याय समेत तमाम लोगों पर संगीन मामले दर्ज हैं। सभी आरोपी मुकदमे दर्ज होने के बाद से फरार हैं। पुलिस की टीमें आरोपियों की धर पकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है।