
कन्नौज : ईद उल अजहा (बकरीद) का पर्व जिले में मुस्लिम समाज के लोगों ने नमाज अदा करने और उसके बाद एक दूसरे से गले मिलकर एक दूसरे को बधाई देते हुये मनाया।नमाज के दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने देश में अमन चैन की दुआएं भी मांगी। शनिवार को जिले भर में बकरीद का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुस्लिम समाज के लोगों ने जिले की 52 ईदगाहों,मस्जिदों पर ईद उल अजहा की मस्जिदों में नमाज पढ़ी। इसके साथ ही अपनी दुआओं में देश के लिये अमन चैन की दुआएं भी मांगी। नमाज अदा करने के बाद समाज के लोगों ने गले मिलकर एक दूसरे को बधाई और शुभकामनाएं भी दीं। जिले में बकरीद का पर्व होने के चलते शांति और कुशलता के साथ त्योहार को संपन्न कराया जा सके, इसके लिये जिले के शासन प्रशासन के अधिकारी भी अलर्ट मोड पर रहे। ड्रोन कैमरों से गतिविधियों नजर रखने के साथ ही जगह जगह तैनात पुलिस बल अराजक तत्वों पर अपनी नजरें गढ़ाये रहा, और गस्त का सिलसिला जारी रहा।
जिले के डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री पुलिस कप्तान विनोद कुमार पुलिस बल के साथ स्वयं ईदगाहों से लेकर भ्रमण पर रहे। पर्व को लेकर सुबह से ही जिले की सैकड़ों गलियों और मार्गों पर साफ सफाई की व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किये गये थे। कलई और चूना डालकर सफाई व्यवस्था को बेहतर किया गया था।नमाजियों और समाज के लोगों से अधिकारियों ने गले मिलकर त्योहार की बधाई दी और उनकी कुशल क्षेम भी पूंछी। जिले के तिर्वा, छिबरामऊ, गुरसहायगंज, समधन, तालग्राम, सौरिख, सहित जिलेभर की ईदगाहों और मस्जिदों पर हर्षोल्लास के साथ ईद को मनाया गया। जिले की ट्रैफिक व्यवस्था को भी पुलिस द्वारा दुरुस्त रखा गया। शाम तक जिले के संबंधित थाना क्षेत्रों के पुलिस बल, और विभागीय अधिकारी लगातार भ्रमण करते रहे, और गतिविधियों पर अपनी नजर बनाये रहे।ईद पर्व पर मुस्लिम समाज के लोग जिनमें बच्चे भी शामिल रहे,शाम तक एक दूसरे के घरों पर पहुंचकर बधाई देते और गले मिलते नजर आये। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी को छोड़ कई जगहों पर जायज कुर्बानी दी गई।अमन चैन के साथ त्योहार को कुशलता के साथ संपन्न होने पर जिले की सरकारी मशीनरी ने राहत की सांस ली।