
अज़ब गज़ब। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को चौंका दिया है। यहां एक नई नवेली दुल्हन शादी के महज कुछ घंटे बाद ही अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। दूल्हा बारात लेकर खुशी-खुशी पहुंचा था, लेकिन लौटते वक्त उसे ऐसी ठोकर लगी कि वह जिंदगीभर नहीं भूल पाएगा।
बारात, जयमाला और फिर… सब कुछ था ठीक, लेकिन विदाई पर हुआ बड़ा कांड!
3 जून की रात गाजीपुर के बिरनो थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी की धूम थी। घर में ढोल-नगाड़ों की गूंज थी, दुल्हन दुल्हन की तरह सजी थी और दूल्हा झूमते हुए बारात लेकर आया था। जयमाला की रस्म हुई, मेहमानों ने दावत उड़ाई और रातभर शादी का जश्न चलता रहा। लेकिन अगली सुबह जब विदाई का समय आया, तो ऐसी घटना हुई कि हर कोई दंग रह गया।
“मां की तबीयत खराब है”… कहकर गई और फिर लौटी ही नहीं
विदाई की रस्में पूरी होने के बाद दूल्हा बृजेश कुमार अपनी पत्नी को लेकर घर लौट रहा था। रास्ते में एक बाइक सवार युवक ने उनकी कार को रुकवाया और कहा, “दुल्हन की मां की तबीयत बहुत खराब है, उसे जल्दी से मिलाकर वापस लाता हूं।” दूल्हे ने भरोसा दिखाया और पत्नी को जाने दिया। लेकिन जैसे-जैसे वक्त बीतता गया, दुल्हन का कोई अता-पता नहीं चला।
जब पहुंचा ससुराल, तो खुला बड़ा राज
घंटों इंतजार के बाद जब दुल्हन नहीं लौटी, तो बृजेश खुद ससुराल पहुंचा। वहां से जो सच्चाई सामने आई, उसने उसके पैरों तले जमीन खिसका दी। दुल्हन अपने प्रेमी के साथ पहले से ही भागने की योजना बना चुकी थी। चौंकाने वाली बात ये थी कि उसका प्रेमी उसी गांव का एक शादीशुदा युवक है, जिसके तीन बच्चे भी हैं।
प्यार में अंधी दुल्हन, पहनकर दो लाख के गहने हुई फरार
बृजेश कुमार ने बताया कि उसने शादी में करीब दो लाख रुपये के गहने दुल्हन को पहनाए थे, जो वह अपने साथ लेकर फरार हो गई। इस घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग हैरान हैं कि एक शादीशुदा व्यक्ति के साथ कोई दुल्हन यूं भाग सकती है।
थाने में केस दर्ज, पुलिस कर रही जांच
इस मामले में दुल्हन के पिता ने भी आरोपी युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। बिरनो थाना प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। जल्द ही गिरफ्तारी की संभावना है।
यह भी पढ़ें: गोवा : तीन व्यक्तियों के पास मिली 5.75KG व्हेल की उलटी, कीमत जानकर हो जाएंगे हैरान!