
जालौन। उरई मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में 27 मई की रात एक नवविवाहिता की चलती ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। मृतका की पहचान जालौन के उरई निवासी 21 वर्षीय शिवानी शर्मा के रूप में हुई है।जालौन शिवानी के पिता सुधीर कुमार शर्मा ने जालौन एसपी डॉक्टर दुर्गेश कुमार को शिकायत पत्र सौंपा है। उन्होंने पति विकास शर्मा और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। सुधीर कुमार ने बताया कि 16 अप्रैल 2025 को शिवानी की शादी विकास से हुई थी। शादी में 10 लाख रुपये खर्च किए गए थे।
शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष कार न मिलने के कारण 5 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहा था। इसमें विकास शर्मा, उसके पिता कृष्णकांत शर्मा, मां अर्चना शर्मा और दादी शांति बाई शामिल थे। शिवानी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
घटना वाले दिन विकास शिवानी को एलएलबी की परीक्षा दिलाने उरई लाया था। वापसी में उसने पैसों की मांग की। परिवार ने 20,000 रुपये दिए। रात 9:30 बजे विकास ने फोन कर बताया कि उल्टियां होने के कारण शिवानी ट्रेन से गिर गई है।
शिवानी पहले भी चार बार मायके आकर ससुराल वालों की धमकी की बात बता चुकी थी। उसने कहा था कि पैसे न देने पर ससुराल वाले कुछ भी कर सकते हैं। 26 मई को वह ससुराल गई थी, लेकिन वहां के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया था।
यह भी पढ़ें: 21 जुलाई से 12 अगस्त तक चलेगा मानसून सत्र, संसद में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर होगा सियासी युद्ध