
Sitapur: आंगनबाड़ी कार्यकत्री भर्ती मामले में छिड़ी जंग अब आरपार होने की ओर बढ़ने लगी है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा दिए गए ज्ञापन में सीधे तौर पर कहा गया है कि शिकायतकर्ता पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह के विभाग एवं विभागीय अधिकारियों की छवि धूमिल करने के कुत्सित प्रयास से क्षुब्ध होकर भाजपा कार्यालय एवं अन्य शासकीय कार्यालयों के सामने 05 जून 2025 को धरना प्रदर्शन एवं कार्यालय घेराव करेगी।
आपको बताते चलें कि पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्री चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है। जिसको लेकर जांच भी हो चुकी है लेकिन श्री सिंह उस जांच से संतुष्ट नहीं है। जिस पर अब आंगनबाड़ी कार्यकत्री भी पुष्पेन्द्र के खिलाफ बगावत पर उतरने को तैयार हो गई है। उन्होंने एक ज्ञापन डीपीओ को सौंपा है। जिसमें कहा गया है कि सभी स्तर से प्राप्त आपत्तियों का निष्पक्ष व समयबद्ध निस्तारण के बावजूद आदतन शिकायतकर्ता पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह निवासी ग्राम किन्धौलिया विकास खण्ड कसमण्डा द्वारा अचयनित महिलाओं को उकसाकर लगातार जिला प्रशासन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को कार्यालय में एवं सोशल मीडिया फेसबुक द्वारा फर्जी तरीके से अनर्गल आरोप लगाते हुए तथा अमर्यादित टिप्पणी एवं चारित्रिक लांछन लगाने एवं सरकार की नीतियों के विरूद्ध लोगों को उकसाने का भी कार्य किया जा रहा है। जिसके कारण विभाग, जिला प्रशासन के साथ-साथ सरकार की छवि धूमिल हो रही है।
डीपीओ ने भाजपा जिलाध्यक्ष को लिखा पत्र
डीपीओ मनोज कुमार राव ने बताया कि संगठन द्वारा दिए गए ज्ञापन के दृष्टिगत एक पत्र भाजपा जिलाध्यक्ष को भेजा जा रहा है। जिसमें कहा गया है कि जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, कार्यालय के संपूर्ण स्टाफ तथा समस्त ऑगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं में पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह के विरूद्ध घोर आक्रोश व्याप्त है, तथा जनपद सीतापुर के ऑगनबाड़ी संगठन महिला ऑगनबाड़ी कर्मचारी संघ, उ०प्र० जिला इकाई सीतापुर की जिलाध्यक्ष नीतू सिंह द्वारा शिकायतकर्ता पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह के विभाग एवं विभागीय अधिकारियों की छवि धूमिल करने के कुत्सित प्रयास से क्षुब्ध होकर आपके कार्यालय एवं अन्य शासकीय कार्यालयों के सामने 05 जून 2025 को धरना प्रदर्शन एवं कार्यालय घेराव करने सम्बन्धी पत्र भी दिया है। पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह जो कि अपने सोशल मीडिया एवं अन्य मंचों पर अपने को भाजपा का नेता बताता है।
इस संबंध में कुछ सम्मानित प्रतिनिधि से वार्ता हुई जिसमें यह बताया गया कि उक्त व्यक्ति पार्टी का किसी रूप में कार्यकर्ता नही है। इस बारे में अवगत कराए कि पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता है या नहीं। यदि है, तो शासन एवं सरकार के विरूद्ध गतिविधियों में संलिप्त होने के कारण इनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करते हुए पार्टी से निष्कासित करने हेतु आवश्यक कार्यवाही की जाए। क्योंकि इसके द्वारा की गयी शिकायतों की कई बार कई स्तरों पर जॉच भी करायी जा चुकी है, उसके बावजूद भी इनके द्वारा अपने सोशल मीडिया और अपने विभिन्न पत्रों में जनपद में हुये चयन पर लांछन लगाते हुए सम्पूर्ण चयन प्रकिया को शून्य किये जाने हेतु विभिन्न स्तरों पर प्रदर्शन किया जा रहा है, जोकि मुख्यमंत्री के रोजगार उपलब्ध कराने की नीति एवं मंशा के विरूद्ध है, यदि शिकायतकर्ता पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह भारतीय जनता पार्टी का सदस्य नही है तो लिखित रूप में अवगत कराने का कष्ट करें। जिससे 05 जून 2025 को विभाग के समस्त अधिकारी, कर्मचारी, ऑगनबाड़ी कार्यकर्ती व सहायिकाओं का धरना प्रदर्शन एवं भाजपा कार्यालय का घेराव को रोका जा सके।
क्या कहते हैं भाजपा जिलाध्यक्ष
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल से जब दैनिक भास्कर ने वार्ता की तो उन्होंने कहा कि पूर्व में पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह शक्ति केंन्द्र के संचालक की जिम्मेदारी दी गई थी लेकिन वर्तमान समय में वह कोई भी पदाधिकारी नहीं है। इसके अलावा उन्होंने पुष्पेन्द्र को बुलाया है। वह पूरी जानकारी करेंगे कि बात आखिर है क्या और उसी हिसाब से आगे की कार्रवाई होगी।

ये भी पढ़ें:
पाकिस्तान में दो पुलिस थानों पर आतंकी हमला, 7 बलूच लड़ाके मारे गए
https://bhaskardigital.com/terrorist-attack-two-police-stations-pakistan-7-baloch-fighters-killed/
पाकिस्तान : कराची में भूकंप! कैदियों ने ढूंढा जुगाड़, जेल की कमजोर दीवारें तोड़कर कैदी फरार
https://bhaskardigital.com/pakistan-earthquake-karachi-prisoners-escaped/
जम्मू-कश्मीर : LG ने बर्खास्त किए तीन सरकारी कर्मचारी, जैश व हिजबुल आतंकी संगठन की कर रहे थे मदद
https://bhaskardigital.com/jammu-and-kashmir-lg-sacked-three-government-employees/











