
गोंडा/छपिया : सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को लेकर सियासी हलकों में मचा बवाल अब नया मोड़ लेता दिख रहा है। वीडियो में भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप के साथ नजर आने वाली महिला ने छपिया थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है और दावा किया है कि यह वीडियो गलत मंशा से वायरल किया गया है।
महिला का बयान: “अध्यक्ष जी मेरे बड़े भाई जैसे हैं”
महिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि,
“अध्यक्ष जी मेरे बड़े भाई जैसे हैं। उनके साथ मेरे पारिवारिक संबंध हैं। मैंने भरोसे के चलते उन्हें कॉल किया था, जब मेरी तबीयत खराब हो रही थी। मैं स्टेशन पर फंसी थी और मदद की ज़रूरत थी।”
महिला ने स्पष्ट किया कि जिस पल का वीडियो वायरल किया जा रहा है, उसमें वह सीढ़ी पर चढ़ते समय फिसल गई थी और अध्यक्ष जी ने सिर्फ सहारा दिया था। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस वीडियो को गलत तरीके से पेश कर जिलाध्यक्ष की छवि को धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं।
“सहारा देना अगर जुर्म है तो क्या करें”: भाजपा जिलाध्यक्ष
भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप ने भी मीडिया से बातचीत में कहा कि,
“रात करीब सवा नौ बजे महिला का फोन आया कि वह स्टेशन पर हैं और तबीयत खराब है। मैंने कार्यालय में कुछ देर रुकने की व्यवस्था की। सीढ़ी पर फिसलने पर मैंने सिर्फ उन्हें सहारा दिया था। यह वीडियो किसने और क्यों वायरल किया, यह जांच का विषय है।”
महिला की चेतावनी: “मानहानि का मुकदमा और महिला आयोग में जाऊंगी”
महिला ने आगे कहा कि अगर सोशल मीडिया पर ग़लत टिप्पणियाँ और दुष्प्रचार बंद नहीं हुआ तो वह संबंधित लोगों पर मानहानि का मुकदमा दायर करेंगी और महिला आयोग तक भी जाएंगी।
उन्होंने दोहराया कि वायरल वीडियो के चलते उनके सम्मान को ठेस पहुंची है, और यह सब कुछ राजनीतिक साजिश का हिस्सा हो सकता है।
ये भी पढ़े – भारत-कनाडा संबंधों में आई नरमी, एफटीए वार्ता फिर से शुरू होने की उम्मीद
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल, छपिया पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ आईटी एक्ट व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से भी जानकारी मांगी जा रही है कि यह वीडियो कहां से और किसने सबसे पहले वायरल किया।