
चंडीगढ़। हरियाणा में भी कोरोना के मामले सामने आ रहे हैं। शनिवार दोपहर तक प्रदेश में कोरोना के आठ मामले सामने आ चुके हैं। कोरोना के मरीजों में गुरुग्राम निवासी एक डाक्टर भी शामिल हैं। गुरुग्राम में 3 दिन के भीतर कोरोना का यह चौथा केस मिला है। गुरुग्राम के अलावा फरीदाबाद में 3 और यमुनानगर में एक मरीज मिल चुका है। कोरोना के मामले सामने आने के बाद सरकार भी अलर्ट हो गई है। सभी सरकारी अस्पतालों में कोरोना के संदिग्ध मरीजों की टेस्टिंग शुरू करा दी गई है। रोहतक पीजीआई में बेड रिजर्व कर दिए गए हैं। इससे पहले गुरुवार को गुरुग्राम में 31 साल की महिला और 62 साल के बुजुर्ग कोरोना पॉजिटिव मिले। महिला हाल ही में मुंबई से लौटी थी। वहीं, बुजुर्ग को बुखार और खांसी हो रही थी। इसके बाद शुक्रवार को 45 साल का व्यक्ति पॉजिटिव मिला। उसकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। फरीदाबाद में 28 साल का युवक कोरोना संक्रमित हुआ। वह निजी मॉल में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है। उसे बुखार, खांसी, सर्दी-जुकाम जैसी परेशानी थी। इसके चलते उसे डॉक्टरी जांच के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था, जहां कोरोना की जांच के लिए उसके सैंपल लिए तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद शुक्रवार को यहां 25 वर्षीय सॉफ्टवेयर डेवलपर और 35 साल की निजी अस्पताल की महिला मैनेजर की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
ये भी पढ़े – CM मोहन यादव का बडा फैसला : देवी अहिल्याबाई होल्कर के नाम से जाना जाएगा ये कॉलेज
यमुनानगर में 50 साल की महिला कोरोना पॉजिटिव मिली है। वह 10 दिन पहले मोहाली के एक समागम में शामिल हुई थी, जहां 17 मई को तबीयत बिगड़ी। अस्पताल में 3-4 दिन तबीयत नहीं सुधरी तो उसका कोरोना टेस्ट कराया गया। इसमें वह पॉजिटिव मिली। महिला को अस्थमा भी है। इस
बीच हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने शनिवार को झज्जर में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह सतर्क कर दिया गया है। प्रदेश में हालात से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। रोहतक पीजीआई की लैब बंद होने के सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस संबंध में आदेश दिए जा चुके हैं, जल्द ही लैब दोबारा चालू कर दी जाएगी। हरियाणा में ऑक्सीजन और दवाई के पुख्ता प्रबंध हैं।