फतेहाबाद : गोदाम में लगी भीषण आग, मंदिर का सामान जलकर राख

फतेहाबाद : सतीश कालोनी स्थित एक प्लॉट में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग गई। प्लॉट में गोदाम बना हुआ था, जिसमें रखा श्री वैष्णो देवी पिंडी मंदिर का सामान जल गया। आग इतनी तेज थी कि गोदाम की छत भी जल गई। आग की सूचना फायर ब्रिगेड कर्मचारियों को दी गई। इसके बाद गाड़ी लेकर पहुंचे फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार, आरके कॉलोनी की गली नंबर-तीन स्थित श्री वैष्णो देवी पिंडी मंदिर के पुजारी सतीश शास्त्री सतीश कॉलोनी में रहते हैं। उनके घर के पास ही प्लॉट में गोदाम बना हुआ है, जिसमें मंदिर का सामान रखा हुआ था। इस प्लॉट में सुबह अचानक आग लग गई। आग के कारण मंदिर के झूलों, गद्दों व सजावट आदि का रखा काफी सामान जल गया। छत भी जलकर पिघल गई। आग लगने से 10 मिनट पहले ही इस गोदाम से पुजारी ने अपनी कार बाहर निकाली थी। गनीमत रही कि उस समय आग नहीं लगी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। पड़ोसियों ने आग लगी देखकर पुजारी को सूचित किया। इसके बाद फायर ब्रिगेड के हेल्पलाइन नंबर पर भी सूचना दी गई। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुजारी सतीश शास्त्री ने बताया कि उन्हें बेटी का पेपर दिलाने के लिए बाहर जाना था। इसलिए वह शहर से बाहर चले गए हैं। आने के बाद आसपास के सीसीटीवी की फुटेज देखकर आग के कारणों का पता किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें