
– चौबेपुर में शक के कारण पत्नी को मारकर छत से फेंका
– 13 साल पहले प्रेम-विवाह किया था, अब दोनों में अनबन
– पति होटल में खाता था, बीवी-बच्चे अलग बनाते थे भोजन
कानपुर। प्रेम विवाह किया था, लेकिन मुफलिसी ने इश्क का रंग काफूर कर दिया। तंगहाली के कारण आए दिन झगड़ा होता था। इश्क मुकम्मल करने के कारण दोनों के परिवार ने नाता तोड़ दिया था, लेकिन कलह होने लगी तो बीवी के मायके से रिश्ते सुधरने लगे थे। रविवार की रात कलह के बाद पति ने पत्नी की हत्या करने के बाद लाश को छत से नीचे फेंक दिया। इसके बाद बच्चों के बगल में जाकर इत्मीनान से नींद में खर्राटा लेने लगा। उसे अपनी बीवी के चरित्र पर शक था, इसी कारण आए दिन विवाद होता था। पुलिस ने हत्या के आरोप में पति को हिरासत में लिया है।
गला रेतने के बाद ईंट से चेहरा कुचला
मामला चौबेपुर के ब्रह्मनगर मोहल्ले का संजय शर्मा लव-मैरिज करने के बाद परिवार से दूर कस्बे के पड़ियाना मोहल्ले में पत्नी और बच्चों के साथ किराये के मकान में रहता है। संजय ने 13 साल पहले भिखारीपुर गांव की बीनू शर्मा के साथ प्रेम-विवाह किया था। इस नाते दोनों के परिजन कोई रिश्ता नहीं रखते थे। परिवार में संजय और बीनू के अतिरिक्त 10 वर्षीय बेटा शुभ और दो बेटियां 8 वर्षीय सारथी और 5 वर्षीय सिया हैं। सोमवार की सुबह मोहल्ले के लोग बाहर निकले तो संजय के मकान के बगल में खाली प्लाट में बीनू की लहुलुहान लाश देखकर पुलिस को सूचना भेजी। बीनू का चेहरा रक्तरंजित था। शरीर पर चाकू के अनगिनत निशान थे, जबकि चेहरा कुचल दिया गया था। पड़ताल में संजय के मकान की छत पर खून के निशान मिले तो पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
अनबन के बाद चरित्र पर शक की दास्तां
शुरुआत में संजय-बीनू में अच्छी समझ थी, लेकिन हालात बदलने के बाद तंगहाली ने परेशान करना शुरू कर दिया तो दोनों में कलह होने लगी। इसी दरमियान संजय ने एक होटल में नौकरी करना शुरू कर दिया। घर-खर्च के लिए नियमित पैसे नहीं मिलते थे, इसलिए बीनू ने दूसरों के घरों में भोजन बनाने का काम शुरू कर दिया और संजय को भोजन देना बंद कर दिया। ऐसे में संजय ने होटल में खाना-पीना शुरू कर दिया। अब झगड़ा बढ़ने लगा और बीनू भी झुकने को तैयार नहीं हुई। ऐसे में संजय को शक हुआ कि, उसकी किसी और के साथ रिश्ता जुड़ गया है। शक की बुनियाद पर रिश्ते और खराब होते गए। दोनों ने एक-दूसरे का साथ भी नहीं छोड़ा और एक-दूसरे से झगड़ना भी। आए दिन कलह के कारण मोहल्लों वालों ने दखल देना भी छोड़ दिया था।
दो दिन पहले बेल्ट से सरेआम पीटा था
शुक्रवार को कलह के बाद संजय ने बीनू को सरेआम बेल्ट से पीटा था, लेकिन उसके स्वभाव के कारण कोई बीच-बचाव करने नहीं आया। इसके बाद रविवार रात लगभग एक बजे संजय घर पहुंचा और किसी बात को लेकर बीनू से झगड़ने लगा था। बच्चों ने पुलिस के सामने मम्मी-पापा की लड़ाई की कहानी दोहराई है। बच्चों ने बताया कि, मम्मी से छत पर झगड़ा करने के बाद पापा नीचे आकर चुपचाप सो गए थे। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे मायके पक्ष ने संजय पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। बहरहाल, सोमवार की सुबह लाश मिलने के बाद डीसीपी दिनेश त्रिपाठी, एडीसीपी विजेन्द्र द्विवेदी और एसीपी अमरनाथ यादव भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित करने के बाद संजय की ओर इशारा किया तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। फोरेंसिक टीम को छत पर खून से लथपथ ईंट भी मिली है। ऐसे में आशंका है कि चाकू से हत्या करने के बाद खुन्नस में संजय ने बीनू का चेहरा वीभत्स कर दिया है।