
- थाना समाधान दिवस महोली में प्रशासनिक सख्ती
सीतापुर। थाना महोली परिसर में आज आयोजित सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस का आयोजन विधायक महोली शशांक त्रिवेदी, जिलाधिकारी अभिषेक आनंद एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य जनता की शिकायतों की सुनवाई कर उन्हें त्वरित, न्यायसंगत एवं संतोषजनक समाधान प्रदान करना रहा।
राजस्व संबंधी प्रकरणों पर कड़ा रुख
जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने राजस्व विभाग से संबंधित शिकायती प्रार्थनापत्रों पर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्त मामलों का समाधान समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं न्यायसंगत हो, और यह कार्य मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन करते हुए किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि लापरवाही की स्थिति में जवाबदेही तय की जाएगी।
संयुक्त पुलिस-राजस्व कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऐसे विवाद जिनका समाधान राजस्व व पुलिस विभाग के समन्वय से संभव है, उन्हें तत्काल प्रभाव से संयुक्त टीम द्वारा हल किया जाए। उन्होंने सभी राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को सकारात्मक, समन्वित प्रयास करने का निर्देश दिया।
महिला शिकायतों पर संवेदनशील दृष्टिकोण
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता पर लिया जाए, और गर्मी व मौसम की असहज परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें अनावश्यक दौड़-भाग से मुक्त रखा जाए। उन्होंने इसे प्रशासनिक जवाबदेही का प्रश्न बताया।
अवैध कब्जों एवं अपराधियों पर सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने प्राप्त अवैध भूमि कब्जों की शिकायतों पर स्थल निरीक्षण कर तत्काल कार्यवाही करने का आदेश दिया। वहीं, पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने थाना महोली के निरीक्षक दिलीप चौबे को निर्देशित किया कि वन माफियाओं की गिरफ्तारी क्विक रेस्पॉन्स मोड पर सुनिश्चित की जाए, क्षेत्र में अवैध पेड़ कटान पर रोक लगाई जाए।
अवैध लकड़ी सिंडिकेट पर निर्णायक कार्यवाही का आदेश
एसपी अंकुर अग्रवाल ने कहा कि तहसील लहरपुर क्षेत्र में सक्रिय लकड़ी माफियाओं एवं व्यापारियों द्वारा एक संगठित सिंडिकेट तैयार किया गया है, जो अवैध कटान एवं लकड़ी व्यापार में लिप्त है। उन्होंने इसे कानून व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बताते हुए इस सिंडिकेट की कमर तोड़ने हेतु ठोस, तेज और अवैध लकड़ी कटान रोकथाम हेतु परिणाममुखी कार्यवाही के निर्देश दिए। शिकायतो एवम शिकायरतकर्ताओ को विधायक शशांक त्रिवेदी ने बड़ी सरलता से हल करते हुए शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट किया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी महोली शशिबिन्दु द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी महोली विशाल गुप्ता, निरीक्षक थाना महोली दिलीप चौबे सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें – बलूचिस्तान अलग हुआ तो पाकिस्तान के टुकड़े होना तय, हाथ से जाएगा सोना और तांबा..पढ़ें इनसाइड स्टोरी
https://bhaskardigital.com/if-balochistan-separates-pakistan-is-sure-to-be-divided-gold-and-copper-will-be-lost-read-the-inside-story/