
भास्कर ब्यूरो
पनियरा, महराजगंज। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासिनी 35 वर्षीया एक महिला से गांव का ही सूद पर पैसा देने वाले व्यक्ति ने बाकी रकम छोड़ देने का लालच देकर उसे अपने साथ एक बार गलत काम करने को कहा। वह गुरुवार की रात उसके घर में घुस भी गया और महिला को पकड़ कर जोर जबरदस्ती करने लगा। महिला चिल्लाई तो आसपास के लोग इकट्ठा हो गये और सूदखोर भाग गया। महिला ने घटना की तहरीर थाने पर दी है।
महिला की तहरीर के अनुसार घर बनवाने के लिए गांव के ही एक व्यक्ति से उसके पति ने आठ माह पूर्व पचास हजार रुपए लिया था। जिसका उसने ब्याज सहित एक लाख सात हजार रूपया पांच किश्तों में वापस दिया। फिर वह व्यक्ति आठ हजार रुपए और बाकी है देने को कहा। उसने कहा कि आठ हजार रुपए छोड़ देंगे लेकिन उसे उसके साथ एक रात बितानी पड़ेगी।
गुरुवार की रात जब उसका पति बाहर गया था तो वह व्यक्ति घर में घुस आया तो पैसा माफ कर दूंगा कहते हुए उसके साथ जोर जबरदस्ती करने लगा। वह चिल्लाई तो उसके बच्चे व पड़ोसी इकट्ठा हो गये। मौका देखकर सूदखोर भाग गया। वह गरीब है और पति मजदूरी करके अपने चार बच्चों सहित परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
इस बावत प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच पड़ताल की जा रही है।