
- पहलगाम में आतंकी घटना सुरक्षा चूक के कारण हुई, इंटेलिजेंस फेलियर था
लखनऊ । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में जितने शहरों में मेट्रों बनी है सब समाजवादी पार्टी की सरकार में बनी है। लखनऊ मेट्रो, कानपुर मेट्रो, आगरा मेट्रो, नोएडा मेट्रो समाजवादी पार्टी की सरकार में बनायी गयी। भाजपा सरकार ने आठ साल में लखनऊ की मेट्रो को एक इंच भी आगे नहीं बढ़ाया है। समाजवादी सरकार में प्रधानमंत्री के क्षेत्र वाराणसी में भी मेट्रो का प्रस्ताव था लेकिन पता नहीं क्यों मुख्यमंत्री जी ने उस काम को आगे नहीं बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने न वाराणसी की मेट्रो बनायी और न अपने गोरखपुर में मेट्रो बना पाए।
2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा की चार सौ बीसी नहीं चलेगी। भाजपा पहले के चुनावों में बेईमानी के सारे हथकंडे अपना चुकी है। वोटर लिस्ट में धांधली, वोट कटवाना, वोट डिलीट कराना, अधिकारियों की पोस्टिंग में भेदभाव किया। इनके सब हथकंडे जनता जान चुकी है। समाजवादी पार्टी लोकसभा चुनाव में भाजपा को हरा चुकी है। यूपी में जो लोकसभा चुनाव जीतता है, प्रदेश में उसी की सरकार बनती है। उन्होंने कहा कि यूपी में इंडिया गठबंधन मजबूत है। यूपी में समाजवादी पार्टी बड़ा दल है। समाजवादी पार्टी गठबंधन सहयोगियों को साथ लेकर चलेगी। इंडिया गठबंधन में जो पार्टी जिस राज्य में मजबूत होगी, उसी के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा। यही गठबंधन बनने का आधार था।
मंगलवार को यहां लखनऊ में एक न्यूज चैनल के साथ इंटरब्यू में अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लिए लोकतंत्र, बाबा साहब का संविधान और सामाजिक न्याय बड़ी प्राथमिकता है। समाजवादियों की लड़ाई भाजपा और उसके उस विचारधारा वाले संगठन से है, जो अंग्रेजों की तरह फूट डालों राज करो की नीति पर कार्य करता है। भाजपा सम्प्रदायिक राजनीति को बढ़ावा देती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि 2017 से पहले जिनकी अपनी कोई पहचान नहीं थी, वही लोग उत्तर प्रदेश को बदनाम करने के लिए कहते हैं कि यूपी की 2017 से पहले कोई पहचान नहीं थी। उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा जनसंख्या वाला राज्य है। सबसे ज्यादा लोकसभा सीटें है। यूपी ने देश को कई प्रधानमंत्री दिए हैं। भाजपा के पहले और अब के प्रधानमंत्री भी उत्तर प्रदेश से लोकसभा चुनाव जीत कर प्रधानमंत्री बने।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में उत्तर प्रदेश में विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए विश्व स्तरीय काम हुए अगर पहलगाम में आतंकी हमला न हुआ होता तो प्रधानमंत्री जी कानपुर में जिन दो परियोजनाओं, बिजली के लिए निवेली लिग्नाइट पावर प्लांट और कानपुर मेट्रो का उद्घाटन करने आ रहे थे, वह समाजवादी सरकार की देन है। निवेली लिग्निाइट प्लांट का शिलान्यास प्रदेश की समाजवादी सरकार और केन्द्र की यूपीए सरकार के समय में हुआ था।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार सपनों में भी एक्सप्रेस-वे बनाती है। बड़ी-बड़ी होर्डिंगे लगाकर प्रचार किया कि प्रदेश में 17 एक्सप्रेस-वे बन रहे हैं। जब हमने गिनती कर सवाल उठाया तो सरकार कह रही है कि 6 एक्सप्रेस-वे बन गए। 7 प्रस्तावित है। तो क्या बाकी चार एक्सप्रेस-वे भाजपा सरकार सपनों में बना रही है?
उन्होंने कहा कि भाजपा यूपी में दो बार सबसे ज्यादा सांसद जीती, केन्द्र में उनकी सरकार बनी। तीसरी बार भी केन्द्र में सरकार है लेकिन केन्द्र सरकार ने अपनी तरफ से यूपी को एक भी एक्सप्रेस-वे नहीं दिया। कोई पावर प्लांट भी नहीं दिया। कोई नया एम्स नहीं दिया। कोई नया संस्थान नहीं मिला। ट्रिपल आईटी नहीं आया। भाजपा सरकार में इंफ्रास्ट्रक्चर का कार्य नहीं हो रहा है। फोरलेन सड़कों का काम बंद है। यहां सड़कों पर टायर फेंके जा रहे है। समाजवादी सरकार ने उत्तर प्रदेश के विकास का रोडमैप बनाया था। भाजपा सरकार ने उसे बर्बाद कर दिया। लखनऊ में गोमती रिवर फ्रंट, जेपीएनआईसी, डॉ. राममनोहर लोहिया और जनेश्वर मिश्र पार्क, अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम समाजवादियों ने बनाया।
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। सांसद रामजी लाल सुमन पर हुआ हमला और मिल रही धमकी कानून व्यवस्था को लेकर जीरो टॉलरेंस का दावा करने वालों को चुनौती है। यह चुनौती प्रदेश सरकार, यूपी पुलिस और डीजीपी को है। प्रदेश में खुलेआम कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ायी जा रही है। भाजपा की सरकार में रामजीलाल सुमन और दलित भाइयों के साथ महाअन्याय हो रहा है। नाइंसाफी हो रही है। इस नाइंसाफी को पीडीए परिवार के लोग देख रहे हैं। भाजपा सरकार में पीडीए के साथ जिस तरह का अन्याय हो रहा है, वैसा कभी नहीं हुआ। जो अन्याय कर खुश होता है वह अच्छा शासक नहीं हो सकता।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में निजी निवेश नहीं आ रहा है। सरकारी निवेश भी कहीं नहीं दिख रहा है। अगर इंवेस्टमेंट आता तो सरकार इंसेंटिव देती। इस सरकार में भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूट गये है। कमीशनखोरी हो रही है। उसमे बड़े-बड़े लोग शामिल है। निवेश पर दिए जाने वाले इंसेंटिव में कमीशनखोरी हो रही है। भ्रष्टाचार और कमीशन के पैसे के बंटवारा को लेकर झगड़ा हो रहा है। बात खुल गयी। अब तो एक अधिकारी लापता है।
अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए में सब लोग है। पीड़ित, दुःखी, अपमानित, सभी लोग हैं। भाजपा ने सबका साथ-सबका विकास का नारा देकर जनता को धोखा दिया। इसीलिए हमने पीडीए बनाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया। शिक्षा का निजीकरण कर दिया है। नियुक्तियों में राजनीतिक हस्तक्षेप हो रहा है। एक्सप्रेस-वे निर्माण में मानक से समझौता हुआ। रोड सेफ्टी के मानक पूरे नहीं किये गये। हर कार्य में भ्रष्टाचार है। एक्सप्रेस-वे के कार्यों में गोरखधंधा चल रहा है। जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार है। पानी की टंकियां भ्रष्टाचार नहीं शह पा रही है। ढह जा रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि पहलगाम में आतंकी घटना सुरक्षा चूक के कारण हुई। इंटेलिजेंस फेलियर था। बच्चे-बच्चे कह रहे हैं कि पयर्टकों की कोई सुरक्षा नहीं थी। घटना के डेढ़ घंटे तक घायलों को कोई मदद नहीं मिली। पहलगाम की घटना में शहीद पर्यटकों के परिवारों को न्याय मिलना चाहिए। इस मामले में पूरा देश केन्द्र सरकार के साथ खड़ा है। सभी राजनीतिक दलों ने सरकार को हर तरह का कदम उठाने के लिए समर्थन दिया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि आतंकवाद का कोई जाति-धर्म नहीं होता है। पूरा देश, जम्मू-कश्मीर की जनता आतंकवाद के खिलाफ है। इस घटना से देश के साथ-साथ कश्मीर का नुकसान हुआ है। सवाल यह है कि इस मामले में लापरवाही किसकी है। सरकार ने सुरक्षा क्यों नहीं दी? वहां पर इंटेलिजेंस की कई एजेंसियां काम करती हैं। वे सब क्या कर रही थी। इसी सरकार ने नोटबंदी के दौरान कहा था कि आतंकवाद खत्म हो जायेगा लेकिन क्या हुआ। पहलगाम जैसी घटना की कोई कल्पना नहीं कर सकता है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा और कृषि क्षेत्र पर काम नहीं कर रही है। खाद की बोरी से खाद कम कर दिया। किसानों की आय दोगुना करने का वादा किया गया लेकिन सरकार ने खाद, बीज, कीटनाशक सब कुछ महंगा कर दिया। किसान की आय कैसे दोगुनी होगी? उन्होंने कहा कि सरकार को कल्याणकारी राज्य के रूप में कार्य करना चाहिए। सरकार की जिम्मेदारी है कि आधार भूत ढांचे को बेहतर करे। देश में बड़ी संख्या में गरीब है। उन्हें सोशल स्कीम का लाभ देते रहना पडे़गा। अगर सरकार शिक्षा और कृषि क्षेत्र पर ध्यान दे।
गेंहू खरीद के मामले में भाजपा सरकार बड़े-बड़े उद्योगपतियों से मिली हुई है। आढ़तियों से बोला गया है कि किसानों से ज्यादा महंगा गेहूं न खरीदें। सरकार की उद्योगपतियों, बड़े कारोबारियों से मिली भगत है। अगर ऐसा होगा तो किसान की हालत कैसे सुधरेगी। सरकार उद्योगपतियों के मुनाफा के लिए काम कर रही है। समाजवादी सरकार में हमने एक्सप्रेस-वे के किनारे मंडियां बना रहे थे लेकिन भाजपा सरकार ने मंड़ियों के बनाने के काम को रोक दिया। भाजपा सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि पकौड़ा और भगौड़ा है।