
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा अपनी नाकामी छिपाने के लिए दूसरों को बदनाम करती है। इस सरकार में भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। गरीबों के साथ अन्याय, अत्याचार हो रहा है। किसी को न्याय नहीं मिल रहा है।
समाजवादी पार्टी, प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने संस्थाओं को कमजोर किया है। संस्थाओं में बैठे भ्रष्ट अधिकारियों पर दबाव बनाकर भाजपा के लोग अन्याय करा रहे है। भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में बाहर के दूसरे राज्यों के अधिकारी लगाये हुए है। ये सब उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार कर दूसरे प्रदेश में इन्वेस्टमेंट कर रहे हैं। अधिकारी यहां का पैसा ले जाकर अपने राज्यों में निवेश कर रहे हैं।
पिछले दिनों पता चला था कि उत्तराखण्ड में कई सौ करोड़ रूपया पकड़ा गया था। एक अधिकारी जिन्हें इन्सेंटिव देना था वह भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के आरोप में लापता है। वह सिर्फ कमीशन का ही नहीं भ्रष्टाचार के पैसे के बंटवारे का भी झगड़ा था। बंटवारे के झगड़े में बात खुल गयी। भाजपा सरकार में इतना भ्रष्टाचार है कि पानी की टंकी भ्रष्टाचार का भार नहीं सह पायी और फट गयी। मुख्यमंत्री जी को इस भ्रष्टाचार की जानकारी ही नही है।
अखिलेश यादव ने जम्मू-कश्मीर में आतंकी घटना को लेकर कहा कि देश जानना चाहता है कि आतंकी यहां कैसे पहुंचे। उन्होंने मांग की है कि सरकार आतंकी घटना में शहीद परिवारों को दस-दस करोड़ रूपये देकर उनकी मदद करें। परिवार के लोगों को सरकारी नौकरी दी जाय। उन्होंने कहा कि इस देश का बच्चा-बच्चा जान गया है सरकार की नाकामी से जम्मू-कश्मीर में इतनी बड़ी घटना हुई है। इंटेलीजेंस फेलियर था। सरकार ने पर्यटकों की सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए थे। घटना के बाद घायलों को समय से मदद नहीं मिली। अब तो जनता पहलगाम के साथ-साथ पुलवामा की भी चर्चा कर रही है।