
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को कहा कि सरकार दिल्ली देहात के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने बजट में 1200 करोड़ रुपये विशेष रूप से दिल्ली देहात के विकास के लिए रखे हैं। इससे गावों के लिए सड़कें, नालियां और समग्र बुनियादी ढांचे के विकास कार्य किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार ने 110 गांवों को आईजीएल पाइपलाइन से जोड़ा है और बाकी के गांवों को जोड़ने की दिशा में काम शुरू हो गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली देहात में बड़ी-बड़ी परियोजनाएं लेकर दिल्ली सरकार आ रही हैं। इन परियोजनाएं के यहां शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि छह सौ गांवों में विकास के काम पूरे होने जाने रहे हैं। गांवों के विकास की तरफ दिल्ली सरकार विशेष ध्यान दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में सर्किल रेट और ट्रैक्टर जैसी कई समस्याओं पर चर्चा करके समाधान की दिशा में दिल्ली सरकार आगे बढ़ रही है।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने आज कंझावला में देवी मां के दर्शन किए।
उन्होंने एक्स पर लिखा कि कंझावला में देवी मां की पूजा-अर्चना में लीन होकर अद्भुत ऊर्जा और शांति का अनुभव हुआ। मां से समस्त दिल्लीवासियों के लिए सुख, समृद्धि प्रार्थना की। मां का आशीर्वाद सभी दिल्ली वासियों पर सदैव बना रहे और दिल्ली विकास और समृद्धि के पथ पर निरंतर अग्रसर बनी रहें।