
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने कंपनी के पूर्ण-कालिक निदेशक के रूप में अनंत अंबानी की नियुक्ति को मंजूरी दी है, जो अब शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने अनंत अंबानी को कंपनी का पूर्ण-कालिक निदेशक बनाने का निर्णय लिया है। रिलायंस ने स्टॉक एक्सचेंज को दी गई सूचना में बताया कि बोर्ड ने ह्यूमन रिसोर्सेस, नॉमिनेशन और रेम्यूनरेशन कमेटी की सिफारिश के आधार पर 1 मई, 2025 से पांच साल के लिए अनंत अंबानी की नियुक्ति को मंजूरी दी है, जो अब शेयरधारकों की स्वीकृति पर निर्भर है।
अनंत अंबानी की रिलायंस समूह की कंपनियों में सक्रिय भूमिका
अनंत फिलहाल रिलायंस इंडस्ट्रीज के नॉन-एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर के रूप में कार्यरत हैं, लेकिन अब वह कंपनी के कार्यकारी नेतृत्व का हिस्सा बनेंगे। अनंत रिलायंस ग्रुप की कई कंपनियों से जुड़े हुए हैं, जैसे कि मार्च 2020 से जियो प्लेटफॉर्म्स, मई 2022 से रिलायंस रिटेल वेंचर्स, जून 2021 से रिलायंस न्यू एनर्जी और रिलायंस न्यू सोलर एनर्जी। इसके अलावा, सितंबर 2022 से वह रिलायंस फाउंडेशन के बोर्ड मेंबर भी हैं।
ईशा और आकाश अंबानी की जिम्मेदारियां
अगस्त 2023 में, अनंत के साथ-साथ ईशा और आकाश अंबानी को भी रिलायंस इंडस्ट्रीज के गैर-कार्यकारी निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया था, और अक्टूबर 2023 में शेयरधारकों ने इनकी नियुक्ति को मंजूरी दी थी। आकाश अंबानी 2022 से रिलायंस जियो इन्फोकॉम के चेयरमैन हैं, जबकि ईशा अंबानी रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड में एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर के रूप में कामकाज देख रही हैं। आकाश पहले अंबानी हैं, जिन्हें रिलायंस इंडस्ट्रीज में कार्यकारी निदेशक की जिम्मेदारी मिली है।
अनंत अंबानी का शैक्षिक और सामाजिक योगदान
अनंत ने अपनी ग्रैजुएशन की पढ़ाई अमेरिका के ब्राउन यूनिवर्सिटी से की है। इसके अलावा, वह पशु कल्याण में भी गहरी रुचि रखते हैं। वह वनतारा के संस्थापक हैं, जो दुनिया का सबसे बड़ा पशुओं का पुनर्वास और संरक्षण केंद्र है। यह केंद्र गुजरात के जामनगर में स्थित है और इसमें 2,000 से अधिक प्रजातियों के 1.5 लाख से ज्यादा बचाए गए जानवर रहते हैं।