
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देश विरोधी टिप्पणी करने वाले को लेकर 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें विधायक, पत्रकार, छात्र और वकील शामिल हैं। ये गिरफ्तारियां मुख्य रूप से पूर्वोत्तर के तीन राज्यों असम, मेघालय और त्रिपुरा में हुईं।
गिरफ्तार किए गए लोगों में से सबसे पहले ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के विधायक अमीनुल इस्लाम की गिरफ्तारी हुई। अमीनुल ने 2019 के पुलवामा हमले और हाल में हुए पहलगाम हमले को सरकार की साजिश बताते हुए विवादित बयान दिए थे। उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया है और उन्हें चार दिन के लिए पुलिस कस्टडी में भेजा गया है।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने इस संदर्भ में बयान देते हुए कहा कि “हम सभी सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर रहे हैं और जो लोग हमें राष्ट्र विरोधी लगते हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। भारत और पाकिस्तान में कोई समानता नहीं है। दोनों देश एक-दूसरे के दुश्मन हैं और हमें ऐसे ही रहना चाहिए।”














