
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दी है। इस संदर्भ में गृह मंत्रालय ने एक आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है, जिसके तहत NIA अब इस मामले में केस दर्ज कर जांच करेगी। सूत्रों के अनुसार, NIA स्थानीय पुलिस से पहलगाम हमले की जांच की केस डायरी और एफआईआर प्राप्त करेगी।
नोटीफिकेशन जारी होने से पहले ही NIA की एक टीम पहलगाम में मौजूद थी, जिसने पहले से ही घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है। NIA के साथ फारेंसिक टीम भी कश्मीर के पहलगाम में सक्रिय है।
कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को दोपहर लगभग 2:45 से 3:00 बजे के बीच आतंकियों ने हमला किया। यह घटना अनंतनाग जिले के बैसरन घाटी में घटित हुई, जिसे ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ कहा जाता है। इस स्थान पर हर साल लाखों पर्यटक आते हैं।
घटना के समय जब पर्यटक घुड़सवारी, भेलपुरी खाने, पिकनिक मनाने और वादियों का आनंद ले रहे थे, अज्ञात आतंकियों ने घाटी में प्रवेश किया। उनके पास AK-47, M4 कार्बाइन और अन्य स्वचालित हथियार थे। आतंकियों ने पहले पर्यटकों से उनके नाम, धर्म, और पहचान पत्र पूछे और कुछ को कलमा पढ़ने के लिए भी कहा। बाद में, पुरुषों को अलग कर गोलियां चलाई गई, जिससे हमले में कुल 26 लोगों की जान चली गई।
इस हमले की जिम्मेदारी ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) ने ली, जो लश्कर-ए-तैयबा का सहयोगी संगठन माना जाता है और पाकिस्तान से संचालित होता है। हमले के मास्टरमाइंड सैफुल्लाह खालिद को बताया गया है, जो पाक अधिकृत कश्मीर के रावलकोट से सक्रिय है और उसने एक महीने पहले हमले की चेतावनी दी थी।
आतंकियों ने पहाड़ियों और जंगलों की ओर भाग निकले। इस हमले के बाद, कश्मीर में सुरक्षा स्थिति को और बढ़ाते हुए 1450 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिसमें 250 ओवर ग्राउंड वर्कर्स (OGW) भी शामिल हैं।