
लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को लखीमपुर खीरी के पलिया तहसील पहुंचे, जहां उन्होंने शारदा नदी की सफाई एवं चैनेलाइजेशन परियोजना का निरीक्षण किया। सीएम का उड़न खटोला (हेलीकॉप्टर) पलिया पहुंचते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए।
सीएम योगी के साथ जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने शारदा नदी के विभिन्न हिस्सों का हवाई सर्वेक्षण किया और परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य में कोई ढिलाई न बरती जाए और परियोजना तय समयसीमा में पूरी की जाए।

शारदा नदी का चैनेलाइजेशन न केवल बाढ़ नियंत्रण बल्कि सिंचाई, जल संरक्षण और स्वच्छता के लिहाज़ से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय जनता को इस परियोजना से काफी उम्मीदें हैं।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पलिया और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। जवानों को तैनात किया गया था। प्रशासनिक अधिकारियों ने पहले से ही तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया था। मुख्यमंत्री का यह दौरा फिलहाल जारी है, और इसके बाद वे स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सकते हैं।