
लखीमपुर खीरी। संविधान निर्माता, सामाजिक न्याय के पुरोधा डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर निघासन में ऐतिहासिक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस आयोजन में हजारों की संख्या में भीम आर्मी के कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए। शोभायात्रा की शुरुआत तिकुनियां से हुई, जो लगभग 40 किलोमीटर लंबी दूरी तय कर ढखेरवा चौराहे तक पहुँची।
इस विशाल शोभायात्रा में तिकुनियां, बेलरायां, सिंगाही, बम्हनपुर, झंडी आदि क्षेत्रों से भारी संख्या में भीम आर्मी के कार्यकर्ता पहुंचे। सभी कार्यकर्ता निघासन चौराहे पर एकत्रित हुए और गुलाल उड़ाते, बाबा साहेब के जयकारों के साथ डीजे की धुन पर झूमते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा में डीजे लदे ट्रक, डीसीएम, पिकअप, जीप, कार, मोटरसाइकिल, ऑटो सहित सैकड़ों वाहन शामिल रहे, जिससे पूरा इलाका अंबेडकरमय हो गया।
शोभायात्रा के दौरान बाबा साहेब के जीवन संघर्ष और उनके विचारों को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। गीत-संगीत और रंग-बिरंगे गुलाल के बीच कार्यकर्ताओं ने संविधान निर्माता के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का संदेश दिया।
इसी क्रम में निघासन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी की ओर से भी बाबा साहेब की जयंती के उपलक्ष्य में एक भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह और निघासन के विधायक शशांक वर्मा ने किया।
बाइक रैली में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। रैली के दौरान देशभक्ति और सामाजिक समरसता के नारों से वातावरण गूंज उठा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, विधायक शशांक वर्मा, विनोद लोधी, श्याम जी पाण्डेय, देवेंद्र कुमार, सुनील बत्रा, रामकुमार मौर्य, पंकज गिरी, ध्रुव वर्मा समेत कई गणमान्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समाज में समानता, न्याय और भाईचारे का संदेश देते हुए बाबा साहेब की जयंती पर निकली यह शोभायात्रा और बाइक रैली निघासन क्षेत्र के लोगों के लिए एक ऐतिहासिक अवसर बन गई।