UP PCS 2024: 947 पदों पर भर्ती, जानें किस-किस पद के लिए निकलीं नई भर्ती!

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने यूपी पीसीएस 2024 भर्ती में पदों की संख्या में वृद्धि की है। अब इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 947 पदों पर चयन किया जाएगा, जो पहले घोषित 220 पदों से चार गुना अधिक है। यह जानकारी एक आरटीआई के जवाब में सामने आई, जिसे दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे बिजनौर के मोहम्मद राजा ने दाखिल किया था।

इस भर्ती प्रक्रिया में सबसे अधिक पद नायब तहसीलदार के हैं, जिनकी संख्या 258 है। इसके अलावा वाणिज्य कर असिस्टेंट कमिश्नर के 196, वाणिज्य कर अधिकारी के 142 और प्रशासनिक सेवाओं के अंतर्गत डिप्टी कलेक्टर के 37 और डिप्टी एसपी के 17 पदों पर भी भर्ती की जाएगी।

अन्य महत्वपूर्ण पदों में खंड विकास अधिकारी के 72, उपकारापाल के 60, उप निबंधक के 40, और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी के 16 पद शामिल हैं। इसके अलावा, कोषाधिकारी और लेखा अधिकारी के 22, जिला कमांडेंट होमगार्ड के 02, अधीक्षक कारागार के 01 और सहायक आयुक्त उद्योग के 18 पद भी इस भर्ती में शामिल हैं।

पंचायती राज विभाग में कार्य अधिकारी के 23 पद, जिला समाज कल्याण अधिकारी के 09, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, सांख्यिकी अधिकारी, राज्य संपत्ति विभाग के व्यवस्थापक और विधिक माप एवं विज्ञान विभाग के सहायक नियंत्रक सहित कई अन्य पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।

आयोग ने 28 फरवरी 2025 को पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 2024 का परिणाम घोषित किया था, जिसमें 15,066 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है। अब पीसीएस मेन्स 2024 परीक्षा 19 जून 2025 से प्रस्तावित है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें