
झाँसी। गुरुवार को उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने झाँसी दौरे के दौरान संभल में नेजा मेले को लेकर जारी विवाद पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने साफ कहा कि प्रदेश में कानून का राज है और किसी को भी दंगा या उपद्रव करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
शांति बनाए रखने पर सरकार सख्त : स्वतंत्र देव सिंह
मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि योगी सरकार प्रदेश में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार किसी भी हाल में माहौल बिगड़ने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार सभी वर्गों की खुशहाली के लिए काम कर रही है और कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाएगा।
गरीबों के लिए काम कर रही है सरकार : स्वतंत्र देव सिंह
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हमेशा गरीबों की मदद के लिए काम करती रही है। पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने पहले की सरकारों का हाल देखा है और अब भाजपा सरकार पूरी ईमानदारी से जनसेवा में जुटी है।
कई सवालों पर लड़खड़ाये स्वतंत्र देव सिंह
पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद संजय सिंह के विवादित बयान को लेकर स्वतंत्र देव सिंह ने गोलमोल जवाब दिया। उन्होंने सवाल को दरकिनार करते हुए दूसरी पार्टियों पर उंगली उठाई, सवाल पर लड़खड़ाते नजर आए।
बयान के बाद संभल में तनाव बढ़ा
गौरतलब है कि संभल में नेजा मेले को लेकर विवाद बढ़ा है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।