
माइक्रोसॉफ्ट की लोकप्रिय सेवा Microsoft 365 में शनिवार को एक बड़ी तकनीकी समस्या आई, जिससे विशेष रूप से Outlook उपयोगकर्ता प्रभावित हुए। कंपनी ने इस समस्या का कारण एक कोड में बदलाव बताया और उसे सुलझा लिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शनिवार दोपहर के समय यह गड़बड़ी शुरू हुई, जिसके बाद कई यूजर्स ने DownDetector पर शिकायतें दर्ज कराई। महज आधे घंटे के भीतर 37 हजार से अधिक शिकायतें आईं। इसके बाद कंपनी ने अपनी जांच शुरू की और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी। जांच के बाद यह पता चला कि एक कोड में बदलाव के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई थी, जिसे अब सुलझा लिया गया है।
इस दौरान Outlook के उपयोगकर्ताओं को ई-मेल भेजने में दिक्कतें आ रही थीं, जो विशेष रूप से कामकाजी लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया। इसके अलावा, Xbox उपयोगकर्ताओं ने भी समान समस्याओं का सामना किया और सोशल मीडिया पर अपनी शिकायतें कीं।
कई Outlook यूजर्स को अकाउंट से लॉग-आउट होने, ऐप से लॉग-इन करने में समस्याएं, और ई-मेल भेजने में मुश्किलें आईं। कुछ यूजर्स ने पासवर्ड बदलने की कोशिश की, लेकिन फिर भी सेवा का उपयोग नहीं कर पा रहे थे। बाद में उन्हें सोशल मीडिया से जानकारी मिली कि समस्या Outlook से संबंधित है।
माइक्रोसॉफ्ट ने कई पोस्ट के जरिए यूजर्स को स्थिति से अवगत कराया। पहले यह बताया गया कि वे समस्या की जांच कर रहे हैं, फिर यह पुष्टि की गई कि एक कोड में बदलाव के कारण यह गड़बड़ी आई थी, जिसे अब वापस ले लिया गया है। कंपनी ने अंततः यह भी बताया कि अधिकांश सेवाएं बहाल कर दी गई हैं और उपयोगकर्ता फिर से सेवा का सामान्य रूप से उपयोग कर पा रहे हैं।