
उत्तर 24 परगना जिला अंतर्गत हड़ोआ ग्रामीण अस्पताल में ब्लड प्रेशर नापने के बहाने किशोरी से छेड़छाड़ का आरोप एक स्वास्थ्यकर्मी पर लगा है। स्वास्थ्यकर्मी को सजा देने की मांग करते हुए स्थानीय लोगों ने सड़क पर आगजनी कर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने इस मामले में अस्पताल के एक स्वास्थ्यकर्मी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पीड़ित किशोरी को अस्वस्थता के कारण गुरुवार को हड़ोआ ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार सुबह एक अस्पताल कर्मचारी उनका रक्तचाप जांचने गया। जांच पूरी होने के बाद, कर्मचारी चला गया। थोड़ी देर बाद वह किशोरी को दूसरे कमरे में ले जाकर कहा कि उसका रक्तचाप फिर से मापा जाएगा। आरोप है कि स्वास्थ्यकर्मी लड़की से छेड़खानी करने लगा। लड़की ने उसे धक्का देकर दूर धकेलने की कोशिश की।
आरोप है कि स्वास्थ्यकर्मी ने उसे कमरे में ही बंधक बना लिया। तभी लड़की के चिल्लाने पर आरोपित डरकर वहां से भाग गया।
वार्ड में वापस आकर किशोरी ने अपनी मां को स्वास्थ्यकर्मी की करतूत बतायी। इस पर पीड़िता के परिवार के सदस्यों ने स्वास्थ्यकर्मी को सजा देने की मांग को लेकर अस्पताल में विरोध प्रदर्शन किया। आरोप है कि जब अस्पताल प्रशासन ने मामले पर ध्यान नहीं दिया तो परिजनों और स्थानीय निवासियों ने अस्पताल के सामने सड़क पर आगजनी कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बढ़ते तनाव को देखते हुए आरोपित स्वास्थ्यकर्मी को गिरफ्तार कर लिया।