
भास्कर ब्यूरो
पीलीभीत : एक गांव में दुष्कर्म का विरोध करने पर आरोपी ने अपने दो साथियों की मदद से धारदार हथियार से हमला करके युवती को गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी, बड़ी मशक्कत के बाद आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा हैं।
थाना न्यूरिया क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक युवती को लंबे समय से परेशान कर रहा था। घर से बाहर निकलने पर वह पीछा करता, बात करने का दबाव बनाता। युवती ने इसकी जानकारी परिजनों को भी दी थी। 23 फरवरी की रात पिता ड्यूटी पर गए थे। रात करीब ढाई बजे आरोपी योगेश अपने छोटे भाई चकुई और ममेरे भाई जो खजुआ दीननगर के साथ आया था, जिसको लेकर जबरदस्ती उसके घर में घुस गया।
युवती को जबरदस्ती बिस्तर से मुंह बंदकर उठा लिया और उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। जब पीड़िता ने शिकायत पुलिस से करने की बात कही तो आरोपी ने उसपर बांके से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। इससे युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोगों को एकत्र होता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। परिवार के लोग गंभीर हालत में युवती को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां से उसे बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर है।
पीड़ित के परिजनों ने 112 पर फोन कर मदद की गुहार लगाई और घटनास्थल पर पहुंचते ही 112 पुलिस ने पीड़िता की हालत गंभीर होने पर उसे न्यूरिया थानाध्यक्ष रूपा बिष्ट को फोन पर घटना संबंधित जानकारी दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष घटना स्थल पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली।
थानाध्यक्ष रूपा बिष्ट ने बताया कि पीड़िता के भाई तहरीर के आधार पर 3 व्यक्तियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का बरेली के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत सामान्य है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।