
क्या आपने कभी ऐसी गाड़ी के बारे में सुना है, जो मिनी ट्रक से लेकर मिनी बस, एसयूवी और यहां तक कि कैम्पिंग व्हीकल में भी बदल सकती हो? भारत की सड़कों पर ऐसी ही एक गाड़ी कभी महिंद्रा द्वारा बनाई गई थी, और उसका नाम था Mahindra FC-150। हालांकि आज महिंद्रा ने XEV 9e और BE 6 जैसी नए जमाने की इलेक्ट्रिक कारें बनाकर लोगों को हैरान कर दिया है, लेकिन 1965 में Mahindra ने ऐसी गाड़ी बनाई थी, जो अपनी विविधता के लिए प्रसिद्ध थी।
Mahindra FC-150 को महिंद्रा एंड महिंद्रा ने 1965 में बनाना शुरू किया था, जब Jeep ने इसे बनाने का उत्पादन बंद कर दिया था। इसके बाद महिंद्रा ने Jeep से इसका लाइसेंस और डाई खरीदकर इसे तैयार किया। इस गाड़ी को पॉपुलर बनाने में उसकी 4×4 व्हील ड्राइव की क्षमता का भी अहम योगदान था। इसे खास तौर पर ऑफ-रोडिंग के लिए डिजाइन किया गया था और ये किसी भी सर्फेस पर चलने के लिए सक्षम थी।
Mahindra FC-150 में 2.2 लीटर का इंजन था, जिसे बाद में 3.7 लीटर इंजन से अपडेट किया गया। इस गाड़ी की सबसे बड़ी खासियत ये थी कि इसे बहुत आसानी से विभिन्न रूपों में बदला जा सकता था। पहले ये मिनी पिकअप ट्रक के तौर पर पॉपुलर हुई थी, लेकिन समय के साथ Mahindra ने इसके पिकअप बेड को मिनी बस में बदल दिया, और इसके बाद इस गाड़ी को पहाड़ों में ट्रैवल करने वालों के बीच एक कैम्पिंग व्हीकल के रूप में भी इस्तेमाल किया जाने लगा।
1967 में महिंद्रा ने इसका अपग्रेडेड वर्जन FC-160 लॉन्च किया, और ये गाड़ी 1999 तक भारतीय सड़कों पर छाई रही। इस गाड़ी ने अपनी अनूठी डिजाइन और कन्वर्टिबल फीचर्स के चलते लोगों के दिलों में एक खास जगह बनाई। 1999 के बाद महिंद्रा ने अपनी बोलेरो पर फोकस करना शुरू किया और उसमें कई विशेषताएं जोड़ी, जो पहले FC-150 में थीं।