दिल्ली में अरविंद केजरीवाल का रिपोर्ट कार्ड! अपनी ही सीट बचाने के लिए कर रहें संघर्ष

Seema Pal

दिल्ली चुनाव रिजल्ट : दिल्ली में 70 विधानसभा सीटों का चुनावी परिणाम इस बार अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आआपा) के पक्ष में जाता नहीं दिख रहा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का विजय रथ मतगणना के अब तक के रुझानों में आप को पीछे धकेलता हुआ तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के सुबह 11.30 बजे तक के मतगणना रुझानों में भाजपा 45 और आआपा 25 सीटों पर आगे है।

वहीं अरविंद केजरीवाल के दिल्ली रिपोर्ट कार्ड की बात करें तो वह खुद अपनी ही सीट हारते नजर आ रहे हैं। हालांकि दूसरे राउंड के बाद अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से आगे चल रहे थे, लेकिन पांचवे राउंड के बाद केजरीवाल अपनी सीट से पीछे चल रहे हैं। फिलहाल अब वह अपनी सीट बचाने के लिए लगातार संघर्ष करते नजर आ रहे हैं।

आयोग के अनुसार, करावल नगर से भाजपा के कपिल मिश्र 18,174 वोटों से आगे हैं, वहीं कालकाजी में भाजपा के रमेश विधूड़ी 1,635 वोटों से आगे चल रहे हैं। मालवीय नगर में भी भाजपा के सतीश उपाध्याय 3,362 वोटों से पहले हैं। दिलचस्प बात यह है कि कालकाजी सीट पर दिल्ली की मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आआपा) की उम्मीदवार आतिशी की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है, क्योंकि उन्हें भाजपा के रमेश विधूड़ी से कड़ी टक्कर मिल रही है।

आआपा के लिए सबसे बड़ा झटका यह है कि नई दिल्ली सीट पर पार्टी के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भाजपा के प्रवेश वर्मा से पीछे चल रहे हैं। फिलहाल, प्रवेश वर्मा 225 वोटों से आगे हैं।

हालांकि, जंगपुरा से आआपा के उम्मीदवार और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया इस समय अपने निकटतम प्रतिद्वंदी से 2,686 वोटों से आगे हैं, जो पार्टी के लिए एक राहत की बात है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें