
Delhi Election Result : दिल्ली विधानसभा चुनावों में विभिन्न एजेंसियों ने अपने एग्जिट पोल के आंकड़े जारी कर दिए हैं। कुल 13 एग्जिट पोल में 10 में भाजपा को जीत मिलने का दावा किया गया है और दो में आम आदमी पार्टी को जीत का दावा किया गया है। वहीं अब दिल्ली में आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भाजपा को उनके विधायक खरीदने का आरोप लगाया है।
भाजपा की संभावित जीत पर एक दिन पहले किए गए एग्जिट पोल के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि कुछ एजेंसियां यह दिखा रही हैं कि भाजपा को 55 से अधिक सीटें मिल सकती हैं। इसके बाद उन्होंने कहा कि पिछले दो घंटों में आप के 16 उम्मीदवारों को फोन आया, जिसमें उन्हें भाजपा में शामिल होने पर मंत्री बनने और हर एक को 15 करोड़ रुपये देने का प्रस्ताव दिया गया।
अरविंद केजरीवाल ने सवाल किया, “अगर भाजपा को 55 से अधिक सीटें मिल रही हैं, तो उन्हें हमारे उम्मीदवारों को फोन करने की जरूरत क्यों पड़ी?” उनका कहना था कि यह साफ तौर पर दिखाता है कि भाजपा के पास झूठे सर्वेक्षण और फर्जी रिपोर्ट हैं, जिनका उद्देश्य माहौल को प्रभावित करना और कुछ उम्मीदवारों को तोड़ना है।
बता दें कि अरविंद केजरीवाल के इस आरोप को दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने भी दोहराया। उन्होंने कहा कि भाजपा आप के विधायकों को पैसे देने का लालच देकर खरीदने की कोशिश कर रही है। हालांकि, भाजपा ने इन सभी आरोपों को सिरे से नकार दिया है और इसे पूरी तरह से बेबुनियाद बताया है।